कनाडाई वायु सेना का विमान एअर इंडिया के फंसे यात्रियों को शिकागो पहुंचा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 16 Oct 2024 02:48 PM
कनाडाई वायु सेना का विमान एअर इंडिया के फंसे यात्रियों को शिकागो पहुंचा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कनाडाई वायु सेना का एक विमान एअर इंडिया की एक उड़ान के 191 यात्रियों को इकालुइट हवाई अड्डे से शिकागो पहुंच गया है। एअर इंडिया की इस उड़ान को, विमान में बम होने की धमकी मिलने के बाद उसका मार्ग परिर्वितत कर इकालुइट ले जाया गया था। विमान में चालक दल के 20 सदस्यों समेत 211 यात्री सवार थे। विमान को इकालुइट ले जाने के 18 घंटे से अधिक समय बाद यात्रियों को शिकागो ले जाया गया।

एअर इंडिया ने बुधवार को एक बयान में कहा कि 15 अक्टूबर को कनाडा के इकालुइट ले जायी गयी उड़ान एआई127 के यात्री अपने गंतव्य शिकागो की ओर जा रहे हैं। एयरलाइन ने कहा, ‘‘यात्रियों को कनाडाई वायु सेना के एक विमान से ले जाया जा रहा है जिसने तीन बजकर 54 मिनट यूटीसी (समन्वित वैश्विक समय) पर इकालुइट से उड़ान भरी।

इकालुइट में मंगलवार को तीन बजकर 54 मिनट का समन्वित वैश्विक समय रात करीब 11 बजकर 54 मिनट था।
विमान सुबह स्थानीय समयानुसार करीब पांच बजकर 21 मिनट पर इकालुइट हवाई अड्डे पर उतरा था।
एक अधिकारी ने बताया कि यात्री हाथ में ले जा सकने वाले सामान के साथ कनाडाई वायु सेना के विमान में सवार हुए हैं। बाकी का उनका सामान एअर इंडिया के एक विमान से शिकागो ले जाया जाएगा।

इससे पहले, कनाडा के आपातकालीन तैयारी मंत्री हरजीत सज्जन ने कहा कि विमान के 211 यात्री फंस गए थे और अथक प्रयासों के बावजूद इकालुइट शहर में उन्हें ठहराने की उचित व्यवस्था नहीं की जा सकी। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘परिवहन मंत्री अनिता आनंद के साथ विचार-विमर्श करने और आपातकालीन तैयारी मंत्री के रूप में, मैंने इकालुइट पर दबाव कम करने और यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य शिकागो तक भेजने के लिए कनाडाई वायु सेना के संसाधनों का इस्तेमाल करने के अनुरोध को स्वीकृति दे दी।’’

एअर इंडिया ने इस अप्रत्याशित व्यवधान के दौरान यात्रियों और एयरलाइन को दिए गए सहयोग के लिए इकालुइट हवाई अड्डे के प्राधिकारियों और कनाडाई प्राधिकारियों का आभार भी जताया। मंगलवार को शिकागो जा रहे एअर इंडिया के बोइंग 777-300 ईआर विमान में बम रखे होने की धमकी मिलने के बाद उसका मार्ग परिर्वितत कर उसे कनाडाई हवाई अड्डे पर ले जाया गया था।

रॉयल कनाडाई माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने बताया था कि विमान को इकालुइट पर आपात स्थिति में उतारा गया और चालक दल के सदस्यों समेत सभी 211 यात्रियों को विमान से उतारा गया। इस बीच, पिछले दो दिन में कम से कम 10 भारतीय विमानों में बम रखे होने की धमकी मिली है और सुरक्षा जांच के बाद उन विमानों में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav