दो भाइयों से एक करोड़ रुपये से अधिक ठगने के आरोप में परिवार के 19 लोगों पर मामला दर्ज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 03 Oct 2024 12:25 PM
दो भाइयों से एक करोड़ रुपये से अधिक ठगने के आरोप में परिवार के 19 लोगों पर मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी योजना में निवेश के नाम पर अधिक मुनाफा का झांसा देकर एक व्यक्ति और उसके भाई से 1.17 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में एक ही परिवार के 19 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, 42 वर्षीय व्यक्ति की शिकायत के आधार पर बुधवार को राबोडी थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के अनुसार, आरोपी साबिर याकूब घाची (50), शाकिर याकूब घाची (45), रूहिहा शाकिर घाची (39) और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों ने पीड़ित को क्रिप्टोकरेंसी योजना में निवेश करने के लिए राजी किया और निवेश की गई राशि पर 12 गुना तक अधिक मुनाफे का वादा किया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों पर विश्वास करके मार्च 2022 में शुरू होने वाली योजना में पीड़ित ने 91.53 लाख रुपये निवेश कर दिए, जबकि उसके भाई ने 25.69 लाख रुपये निवेश किए। उन्होंने बताया कि जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने टालमटोल किया और प्रभावशाली लोगों से संबंध का हवाला देते हुए उन्हें धमकियां भी दीं। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण (वित्तीय प्रतिष्ठानों में) अधिनियम, 1999 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav