सिंगापुर. सिंगापुर में एक गिरजाघर में बच्चों द्वारा आयोजित सामूहिक प्रार्थना सभा में एक कैथोलिक पादरी पर चाकू से हमला किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. ‘चैनल न्यूज एशिया’ की खबर के अनुसार, ‘आर्कडायोसीजन इमरजेंसी रिस्पांस टीम’ और प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों ने 37 वर्षीय हमलावर को पकड़ किया.
खबर में कहा गया कि यह हमला शनिवार को मासिक बाल प्रार्थना समारोह के दौरान हुआ जब बच्चे वे कार्य करते हैं जो आमतौर पर वयस्कों द्वारा किए जाते हैं. पुलिस ने बताया कि गिरजाघर के पादरी फादर क्रिस्टोफर ली (57) को शाम की प्रार्थना सभा के दौरान एक व्यक्ति ने चाकू मार दिया जिन्हें नेशनल यूनिर्विसटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर है. प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने घटना की निंदा की है.
वोंग ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ” सिंगापुर में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है. सबसे बढ.कर, हमें अपने पूजा स्थलों की सुरक्षा और पवित्रता को बनाए रखना चाहिए – ऐसे स्थान जहां लोग शांति और संतोष पाने आते हैं.” सिंगापुर में कैथोलिक चर्च के प्रमुख कार्डिनल गोह ने कहा कि वह ”इस बात से स्तब्ध और बेहद दुखी हैं कि ईश्वर के घर में हमारे एक प्रिय पादरी पर उस समय हिंसा की गई जब वह सामूहिक प्रार्थना सभा में थे.” विभिन्न धार्मिक संगठनों ने घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि यहां धर्म के नाम पर हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है. आरोपी के खिलाफ सोमवार को अदालती कार्यवाही की जाएगी. दोषी पाए जाने पर उसे 15 साल तक की जेल की सजा हो सकती है, साथ ही जुर्माना या बेंत से मारने की सजा भी सुनाई जा सकती है.