सीबीआई, ईडी मुझे जन सेवा से रोक नहीं सकती: अभिषेक बनर्जी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 23 May 2023 02:09 PM
सीबीआई, ईडी मुझे जन सेवा से रोक नहीं सकती: अभिषेक बनर्जी
ऑडियो सुनें

बांकुड़ा: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा कथित शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने के कुछ दिन बाद तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ‘‘ केंद्रीय एजेंसियों का डर ’’ उन्हें जनसेवा से रोक नहीं सकता। सोमवार रात यहां कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती दी कि वह ‘‘केंद्रीय एजेंसियों को ढाल की तरह इस्तेमाल करने की जगह जनता की अदालत में उनसे लड़े।’’

तृणमूल कांग्रेस के नेता ने कहा,‘‘ भाजपा मुझसे लड़ने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। मेरे खिलाफ सीबीआई तथा ईडी के इस्तेमाल का डर मुझे जन सेवा अथवा लोगों तक पहुंचने से रोक नहीं सकता। अगर उनके (भाजपा) पास ताकत है तो, मैं उन्हें मुझसे जनता की अदालत में लड़ने की चुनौती देता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शनिवार को मुझसे साढ़े नौ घंटे तक पूछताछ हुई और इस दौरान भाजपा नेता अफवाह उड़ा रहे थे कि सीबीआई मुझे गिरफ्तार कर लेगी और वे जश्न में दावत कर रहे थे, लेकिन जैसे ही मैं बाहर आया, उनकी उम्मीदें धराशायी हो गईं।’’ डायमंड हार्बर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद बनर्जी ने केंद्रीय एजेंसी को चुनौती दी कि अगर ‘‘ उसके पास उनके खिलाफ भ्रष्टाचार अथवा कदाचार के सबूत हैं, तो वह उन्हें गिरफ्तार करे।’’

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने अपना जनसंपर्क अभियान ‘तृणमूले नवज्वार’ सोमवार को पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले से फिर से शुरू किया। बनर्जी ने अपना यह जनसम्पर्क अभियान पिछले सप्ताह शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में सीबीआई द्वारा तलब किए जाने के बाद दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया था।

उन्होंने ट्वीट किया,‘‘डर से मुक्ति ही वह आजादी है, जिसका मैं अपनी मातृभूमि के लिए कामना करता हूं। उन्होंने ‘तृणमूले नवज्वार’ को बाधित करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन जनता के कल्याण के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ता से कायम हूं। बांकुड़ा ‘जोनो संजोग यात्रा’ में पुन: शामिल होने के लिए शुक्रिया। यात्रा नये सिरे से शुरू हुई है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav