घर बैठे कमाई का झांसा देकर 20.54 लाख रुपये की ठगी…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 19 Jun 2024 12:17 PM
घर बैठे कमाई का झांसा देकर 20.54 लाख रुपये की ठगी…
ऑडियो सुनें

नोएडा: घर बैठे काम करके लाखों रुपये कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से कथित रूप से 20,54,464 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर अपराध थाने में की है। सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) विवेक रंजन राय ने बताया कि शिकायत में ग्रेटर नोएडा निवासी संदीप कुमार ने बताया कि बीते दिनों उनके मोबाइल पर एक संदेश आया जिसमें घर बैठे काम कर लाखों रुपये प्रतिमाह कमाने की बात कही गई।

शिकायत के अनुसार उन्हें ‘गूगल मैप’ पर होटलों की रेंिटग कर पैसे कमाने की बात कही गई और शुरुआत में इस काम के लिए पैसे भी दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद बड़ा निवेश कर अधिक कमाने का झांसा दिया गया और उन्होंने 50 हजार रुपये की रकम निवेश की।

शिकायत में दावा किया गया है कि जब पीड़ित ने लाभ समेत अपनी रकम निकालनी चाही तो आरोपियों ने पांच लाख रुपये और निवेश करने के बाद ही पैसे वापस मिलने की बात कही। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद ठगों ने कई बार में उनसे 20 लाख 54 हजार 464 रुपये जमा करा लिए। उन्होंने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav