नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा ने दी बधाई और शुभकामनाएं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Jul 2022 10:35 PM
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा ने दी बधाई और शुभकामनाएं

ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी. मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘देश की 15वीं राष्ट्रपति चुने जाने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं. विश्वास है कि भारत गणराज्य के संवैधानिक संरक्षक के रूप में आपके हाथों में देश के नागरिकों के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का गौरवशाली इतिहास सुरक्षित रहेगा.’’

वहीं, राज्य में भाजपा नेताओं ने कहा कि भारत की प्रथम आदिवासी राष्ट्रपति चुने जाने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि देश ने इतिहास में पहली बार आदिवासी समाज की महिला को अपना संवैधानिक प्रमुख चुना है और जनजाति समाज इस बात को सदा याद रखेगा.

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा है कि आज का दिन भारत के लिए उत्सव का दिन है और पूरे भारत सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश में रहने वाले जनजाति समाज के लिए एक यादगार व गौरवशाली दिवस है. भाजपा नेताओं ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुने जाने पर जशपुर, नारायणपुर, बस्तर बिलासपुर, रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में विशेष रूप से जनजाति समाज और आम जनों ने रैलियां निकालीं और मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी.

By Yogesh Kumar Sahu