चीन ने दो महीने से लापता रक्षा मंत्री को हटाने की घोषणा की, वित्त मंत्री भी बदले गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Oct 2023 09:38 PM
चीन ने दो महीने से लापता रक्षा मंत्री को हटाने की घोषणा की, वित्त मंत्री भी बदले गए
ऑडियो सुनें

बीजिंग. चीन ने लगभग दो महीने से लापता रक्षा मंत्री जनरल ली शांगफू को मंगलवार को हटाने की घोषणा की. पूर्व विदेश मंत्री छिन कांग के बाद शांगफू इस साल लापता होने वाले दूसरे वरिष्ठ चीनी अधिकारी हैं. कांग को जुलाई में बिना कोई स्पष्टीकरण दिए पद से हटा दिया गया था. शांगफू के उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा नहीं की गई है.

चीन ने वित्त मंत्री लियू कुन को भी हटा दिया और उनकी जगह लैन फोआन को नियुक्त किया. लियू तीसरे वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री हैं, जिन्हें बिना किसी स्पष्टीकरण के बदला गया है. एक अन्य आधिकारिक घोषणा में कहा गया कि नेशनल पीपुल्स कांग्रेस ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री वांग झिगांग को हटा दिया और उनके स्थान पर यिन हेजुन को नियुक्त किया गया है. वांग ने जुलाई 2012 से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी उप मंत्री के रूप में कार्य किया था और मार्च 2018 में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री बने थे.

वांग को हटाने के पीछे भी कोई कारण नहीं दिया गया है. मार्च में कैबिनेट फेरबदल के दौरान रक्षा मंत्री बने शांगफू को 29 अगस्त को भाषण देने के बाद से नहीं देखा गया है. कांग और शांगफू के गायब होने से चीन की विदेश या रक्षा नीतियों में बदलाव का कोई संकेत नहीं मिलता है.

हालांकि, दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति और सत्तारूढ. कम्युनिस्ट पार्टी के नेता शी चिनफिंग के सत्ता में बने रहने पर सवाल उठाए थे.
सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने अपनी खबर में कहा कि ली और कांग को चीनी कैबिनेट से हटा दिया गया है. ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों नेताओं का राजनीतिक करियर समाप्त हो गया है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों नेताओं के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई या प्रतिबंध लगाए जाएंगे अथवा नहीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu