
बीजिंग/वाशिंगटन. चीन अमेरिका के अगले राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप की तुलना में कमला हैरिस को प्राथमिकता देगा क्योंकि ट्रंप के राष्ट्रपति पद पर रहने के दौरान द्विपक्षीय संबंध तेजी से बिगड़ गए थे और इसके कारण गंभीर टकराव की स्थिति पैदा हो गई थी. चीनी राष्ट्रीय सलाहकार निकाय के एक वरिष्ठ सदस्य ने बृहस्पतिवार को यह बात कही.
राष्ट्रीय सलाहकार निकाय सीपीपीसीसी की स्थायी समिति के सदस्य जिआ किंग्गू ने कहा कि चीन सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पर टिप्पणी नहीं करना चाहती, क्योंकि वह नहीं चाहती कि उस पर अमेरिकी आतंरिक राजनीति में हस्तक्षेप करने का आरोप लगे.
चीनी जन राजनीतिक परामर्शदात्री संस्था (सीपीपीसीसी) राज्य शासन प्रणाली का एक प्रमुख घटक और एक विशिष्ट चीनी राजनीतिक संस्था है.
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में बीजिंग की पसंद को लेकर ‘बीबीसी’ से कहा, ”चीनी आम जनता के विचार हैरिस और ट्रंप को लेकर विभाजित हैं, लेकिन मैं ट्रंप के साथ बुरे अनुभव के कारण हैरिस को प्राथमिकता दूंगा. हम फिर से वैसा अनुभव नहीं करना चाहते हैं.” उन्होंने कहा कि ट्रंप के राष्ट्रपति काल के दौरान, संबंधों में तेजी से गिरावट आई और दोनों देशों के बीच गंभीर टकराव हुआ.
जिआ ने कहा कि ट्रंप ने अपने राष्ट्रपति काल के दौरान चीन के बारे में काफी गलत जानकारी फैलाई थी.
उन्होंने कहा, ”हमें जो बाइडन की प्रशंसा से भी समस्या है” लेकिन बाइडन को आंतरिक राजनीति और शायद उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता के कारण चीन के खिलाफ ट्रंप द्वारा शुरू किए गए कई सख्त कदम विरासत में मिले हैं.” उन्होंने कहा, “बाइडन के नेतृत्व में चीन के प्रति अमेरिकी नीति अधिक स्थिर और पूर्वानुमानित है.”
मैं नेतृत्व की नयी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती हूं: कमला हैरिस
अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने बुधवार को कहा कि वह भावी पीढ़ी के नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करती हैं और राष्ट्रपति चुने जाने पर उनका कार्यकाल मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन एवं उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल से अलग होगा. हैरिस ने ‘फॉक्स न्यूज’ चैनल से साक्षात्कार के दौरान कहा, ”राष्ट्रपति के रूप में मेरा कार्यकाल जो बाइडन के कार्यकाल का विस्तार नहीं होगा. पदभार ग्रहण करने वाले प्रत्येक नए राष्ट्रपति की तरह मैं भी अपने जीवन के अनुभव, अपने पेशेवर अनुभव और नए विचार लेकर आऊंगी. मैं नेतृत्व की नयी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती हूं.”
उन्होंने कहा, ”उदाहरण के लिए, मैं ऐसी व्यक्ति हूं जिसने अपने करियर का अधिकतर समय वाशिंगटन डी.सी. में नहीं बिताया है. मैं लोगों के विचारों का स्वागत करती हूं, चाहे वे मेरा समर्थन करने वाले रिपब्लिकन पार्टी के नेता हों, चाहे वे लोग हों जो कुछ मिनट पहले मेरे साथ मंच पर थे या व्यापार क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों के ऐसे लोग हों, जो मेरे द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों में योगदान दे सकते हैं.” राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हैरिस ने अपने प्रतिद्वंद्वी एवं रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को इस चुनाव में खड़े होने के लिए अयोग्य बताया.
उन्होंने साथ ही कहा कि अमेरिका की आव्रजन प्रणाली खराब है जिसे दुरुस्त करने की आवश्यकता है. यह पूछे जाने पर कि बाइडन-हैरिस प्रशासन के दौरान कितने अवैध प्रवासी अमेरिका आए, हैरिस ने संख्या नहीं बताई लेकिन उन्होंने कहा, ”बात यह है कि हमारे पास एक खराब आव्रजन प्रणाली है जिसे दुरुस्त करने की आवश्यकता है.”



