ह्यूस्टन. अमेरिका में टेक्सास राज्य के एक प्राथमिक स्कूल में एक कक्षा के भीतर 18 वर्षीय बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी कर 19 बच्चों समेत 21 लोगों की हत्या कर दी और कई अन्य लोग इस घटना में घायल हो गए. इसके बाद पुलिस कार्रवाई में हमलावर मारा गया. घटना के चलते अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सांसदों से हथियार संबंधी कानूनों को कड़ा करने की भावुक अपील की.
सैन एंटोनियो से 134 किलोमीटर दूर टेक्सास के उवाल्डे शहर के रॉब एलीमेंट्री स्कूल में मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे गोलियों की आवाज सुनाई दी. टेक्सास डिपार्टमेंट फॉर पब्लिक सेफ्टी के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट क्रिस ओलिवरेजÞ के अनुसार, सभी लोग एक ही कक्षा के भीतर हताहत हुए.
उन्होंने सीएनएन को बताया कि हमलावर ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और उसने दो शिक्षकों तथा 19 बच्चों की हत्या कर दी.
ओलिवरेजÞ ने कहा, “यह एक छोटी सी कक्षा है, इसमें 25 से 30 छात्र कहीं भी हो सकते हैं, साथ ही वहां दो शिक्षक भी थे … उस कक्षा में कितने छात्र थे, इसकी सटीक संख्या नहीं है.” जांचकर्ताओं का कहना है कि हमलावर एक हैंडगन, एक एआर-15 अर्ध-स्वचालित राइफल और उच्च क्षमता वाली मैगजीन से लैस था.
टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने बताया कि हमलावर की पहचान साल्वाडोर रामोस के रूप में हुई है, जो स्कूल के पास के एक इलाके का रहने वाला था. उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला क्यों किया गया. उवाल्डे के पुलिस प्रमुख पीट अर्रेडोंडो कहा कि मारे गए बच्चे दूसरी, तीसरी और चौथी कक्षा के थे जिनकी उम्र सात साल से 10 साल के बीच थी. अधिकारी ने कहा, ‘‘रॉब एलीमेंट्री स्कूल में आज पूर्वाह्न 11 बजकर 32 मिनट पर बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए.’’ उन्होंने बताया कि हमलावर ने अकेले गोलीबारी की, जो पुलिस की गोलीबारी में मारा गया.
अमेरिका के राष्ट्रपति जो. बाइडन ने देश में हथियार संबंधी कानूनों को सख्त बनाने के लिए सांसदों से भावुक अपील की. अपने संबोधन में उन्होंने पूछा कि साथी सांसदों को यह समझाने में कितना वक्त लगेगा कि “यह कार्रवाई का समय है.” राष्ट्रपति ने गोलीबारी की घटना के बाद शोकाकुल राष्ट्र को सांत्वना देने की कोशिश की.
बाइडन ने कहा, ‘‘ छोटे बच्चों ने देखा कि क्या हुआ. बच्चों ने अपने दोस्तों को ऐसे मरते देखा जैसे वे किसी युद्ध के मैदान में हों.” उन्होंने कहा, ”किसी बच्चे को खोना ऐसा है जैसे की आपकी आत्मा का एक हिस्सा चीर दिया गया हो…..” टेक्सास के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शिक्षकों के पास हथियार होने चाहिए.
वहीं, टेक्सास के सीनेटर टेड क्रूजÞ ने इस घटना को “भयावह” करार दिया और कहा कि हथियारों से संबंधित कानूनों में सुधार ऐसे अपराधों को रोकने का तरीका नहीं है. सीएनएन ने बताया कि गैर-लाभकारी संगठन गन वायलेंस आर्काइव के अनुसार, 2022 में अब तक अमेरिका में गोलीबारी की कम से कम 212 बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं.
प्रियंका चोपड़ा, सेलेना गोमेज ने सख्त शस्त्र कानून की आवश्यकता जतायी
टेक्सास के स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद प्रियंका चोपड़ा, सेलेना गोमेज, टेलर स्विफ्ट, आर माधवन जैसी फिल्मी दुनिया की दिग्गज हस्तियों ने अमेरिका में सख्त शस्त्र कानून की आवश्यकता जतायी है. दुनियाभर की मशहूर फिल्मी हस्तियों ने अमेरिकी सरकार से आग्रह किया कि देश में बड़े पैमाने पर सामने आ रहीं गोलीबारी की घटनाओं पर लगाम लगाने का समाधान तलाश करें.
अमेरिका में टेक्सास राज्य के एक प्राथमिक स्कूल में एक 18 वर्षीय बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी करके 19 बच्चों समेत 21 लोगों की हत्या कर दी, वहीं कई अन्य इस घटना में घायल हो गए. पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया है. अधिकारियों ने कहा कि सैन एंटोनियो से 134 किलोमीटर दूर टेक्सास के उवाल्डे शहर के रॉब एलीमेंट्री स्कूल में मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे गोलियों की आवाजें सुनाई दीं.
टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने बताया कि हमलावर की पहचान साल्वाडोर रामोस के रूप में हुई है, जो स्कूल के पास के एक इलाके का रहने वाला था. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला क्यों किया गया.
घटना पर रोष व्यक्त करते हुए अभिनेत्री एवं गायिका सेलेना ने कहा कि अगर बच्चे स्कूल में ही सुरक्षित नहीं हैं तो वे कहां सुरक्षित होंगे.
सेलेना ने कहा, ”आज, मेरे गृह राज्य में पढ़ाई के दौरान 18 निर्दोष छात्रों की हत्या कर दी गई. एक शिक्षिका को भी अपना कर्तव्य निभाते हुए मार दिया गया. यह बेहद निराशाजनक है, और मैं नहीं जानती कि इससे ज्यादा क्या कहूं.” उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कानून में बदलाव की जरूरत है.
गायिका टेलर स्विफ्ट ने कहा कि अमेरिका में एक और गोलीबारी की घटना की खबर सुनकर वह गुस्से और दुख से भर गई हैं. टेलर ने हाल में अमेरिका में हुईं अन्य गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा, ”एक राष्ट्र के रूप में, हम असहनीय तकलीफों के आदी हो गए हैं.” वहीं, अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक समाचार क्लिप साझा की और कहा, ”केवल शोक व्यक्त करना ही काफी नहीं है. इससे आगे बढ़कर बहुत कुछ करने की जरूरत है. बेहद दुखद.” अभिनेता माधवन ने ट्वीट कर कहा, ”वाकई दिल दहला देने वाला. इसका एक स्पष्ट समाधान होना चाहिए.” अभेनित्री स्वरा भास्कर ने भी घटना को ”भयावह” और ”दुखद” करार देते हुए सवाल उठाया कि पूर्व में हुई इस तरह की घटनाओं के बावजूद अमेरिका के शस्त्र कानून में कोई संशोधन क्यों नहीं किया गया.