‘द रेलवे मैन’ में संगीतकार सैम स्लेटर ने दर्शाया त्रासदी का अंधकार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 23 Nov 2023 06:36 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. संगीत जगत का जाना माना नाम और दो बार के ग्रैमी विजेता संगीतकार सैम स्लेटर ने कहा कि 1984 की भोपाल गैस त्रासदी से हुए जानमाल के नुकसान से वह ‘हताश और क्रोधित’ हो गए थे और वेब सीरीज ‘द रेलवे मैन’ के लिए बनाया गया उनका संगीत उसी ‘क्रोध और अंधकार’ को दर्शाता है.

स्लेटर ने वर्ष 2019 की हॉलीवुड फिल्म “जोकर” के साथ-साथ एचबीओ की वैश्विक हिट ‘चेर्नोबिल’ में संगीतकार के रूप में काम किया था. यह फिल्म चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र में विस्फोट के बारे में है जो भोपाल गैस त्रासदी की ही तरह है. भोपाल में हुई यह घटना सबसे भीषण मानव निर्मित आपदाओं में से एक मानी जाती है जिसमें 3,000 से अधिक लोगों की मौत हो गयी थी.

स्लेटर ने एक बयान में कहा,”जब मैं ‘द रेलवे मैन’ पर काम कर रहा था, तब मुझे भोपाल गैस त्रासदी के बारे में पता था लेकिन केवल अकादमिक अर्थ में. मैंने वास्तव में कभी इसके बारे में नहीं जाना या इसे समग्र रूप से समझने की कोशिश नहीं की.” उन्होंने कहा,” वेब सीरीज के माध्यम से मैंने इसके बारे में अच्छे से जाना और समझा की इसमें कितने लोगों की जान गई और कितने लोग प्रभावित हुए.

इससे मेरा दिल टूट गया और बहुत गुस्सा आया. मैं यह सुनिश्चित करना चाहता था कि फिल्म के संगीत में त्रासदी का अंधकार और क्रोध नजर आए.” आर माधवन, के के मेनन, दिव्येंदु, बाबिल खान, जूही चावला और मंदिरा बेदी अभिनीत ‘द रेलवे मैन’ का नेटफ्लिक्स और वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के बीच साझेदारी के तहत निर्माण हुआ है. वेब सीरीज उन रेलवे कर्मचारियों की कहानी बताती है जिन्होंने भोपाल के एक कारखाने में घातक गैस के रिसाव के बाद लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu