प्रधानमंत्री मोदी की ‘टुकड़े-टुकड़े गिरोह का सुल्तान’ वाली टिप्पणी पर कांग्रेस ने आयोग से शिकायत की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 08:59 PM
प्रधानमंत्री मोदी की ‘टुकड़े-टुकड़े गिरोह का सुल्तान’ वाली टिप्पणी पर कांग्रेस ने आयोग से शिकायत की
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक में कांग्रेस ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस टिप्पणी के लिए शिकायत की, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को ”टुकड़े-टुकड़े गिरोह का सुल्तान” कहा था. रविवार को मैसूरु में एक विशाल जन सभा को संबोधित करते हुए, मोदी ने कांग्रेस को “टुकड़े-टुकड़े गिरोह का सुल्तान” कहा था और विपक्षी दल पर देश को “बांटने, तोड़ने और कमजोर करने” के खतरनाक इरादे रखने का आरोप लगाया था.

कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) ने आरोप लगाया कि रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इस साल की शुरुआत में अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बहिष्कार किया था और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) पर ”हिंदू धर्म की ताकत को नष्ट करने” की इच्छा रखने आरोप लगाया था. प्रधानमंत्री ने कहा था कि उन्होंने ”नफरत की ताकतों” को तब तक सफल नहीं होने देने की कसम खाई है, जब तक उन्हें भारत के लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है.

पत्र में कहा गया है कि मोदी ने कांग्रेस पर भी हमला किया और उसे ”टुकड़े-टुकड़े गिरोह का सुल्तान” बताया. इसमें कहा गया, ”यह बयान भारत के मतदाताओं, विशेषकर कर्नाटक के मतदाताओं को लुभाने के इरादे से दिया गया था, ताकि भारत में राजग के उम्मीदवारों के चुनाव की संभावनाओं को बेहतर बनाया जा सके.” केपीसीसी ने निर्वाचन आयोग से मोदी द्वारा दिए गए बयानों का संज्ञान लेने और संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के हित में कानून के अनुसार उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का निर्देश देने का आग्रह किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu