कांग्रेस अपनी ‘मोहब्बत की दुकान’ पर नफरत बेच रही है : नकवी ने खरगे की टिप्पणी पर कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Oct 2024 07:51 PM
कांग्रेस अपनी ‘मोहब्बत की दुकान’ पर नफरत बेच रही है : नकवी ने खरगे की टिप्पणी पर कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भाजपा को ”आतंकवादियों की पार्टी” कहने वाली टिप्पणी की आलोचना करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी ”मोहब्बत की दुकान” में नफरत बेच रही है. नकवी ने कहा कि विपक्षी पार्टी राष्ट्रवादियों को आतंकवादी और राष्ट्र विरोधियों को राष्ट्रवादी बताने वाले ”प्रमाणपत्र बांटने का बहुराष्ट्रीय वितरण केंद्र” बन गई है. खरगे ने कांग्रेस को ”अर्बन नक्सल गिरोह” द्वारा चलाये जाने संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया टिप्पणी को लेकर शनिवार को उन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ”आतंकवादियों की पार्टी” है.

खरगे ने आरोप लगाया कि वे (भाजपा) ‘लिंचिंग’ करते हैं और लोगों को पीटते हैं तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) समुदायों के लोगों पर अत्याचार करते हैं. नकवी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि हार के अवसाद में कांग्रेस के मन में निराशा घर कर गई है.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ”वंशवाद के लिए राजनीतिक खतरे” को ”लोकतंत्र के लिए खतरे” के रूप में चित्रित करने की कोशिश कर रही है, जो उसकी बुद्धिमत्ता को नहीं, बल्कि अहंकार को दर्शाता है. नकवी ने कहा कि ”आत्मनिरीक्षण” करने के बजाय कांग्रेस अभी भी ”आत्मसंतुष्टि” में लगी हुई है और अपनी अंदरुनी कलह के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को दोषी ठहरा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu