देश का वस्तुओं का निर्यात अक्टूबर में 6.21 प्रतिशत बढ़कर 33.57 अरब डॉलर पर

नयी दिल्ली. देश का वस्तुओं का निर्यात इस साल अक्टूबर में 6.21 प्रतिशत बढ़कर 33.57 अरब अमेरिकी डॉलर रहा है. हालांकि, इस दौरान व्यापार घाटा बढ़कर 31.46 अरब डॉलर पर पहुंच गया. बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सोने के आयात में उछाल की वजह से आलोच्य महीने में आयात 12.3 प्रतिशत बढ़कर 65.03 अरब डॉलर हो गया. अक्टूबर, 2022 में यह 57.91 अरब डॉलर था.

सोने का आयात 95.5 प्रतिशत बढ़कर 7.23 अरब डॉलर रहा. अक्टूबर में कच्चे तेल आयात भी आठ प्रतिशत बढ़कर 17.66 अरब डॉलर रहा. अक्टूबर, 2022 में देश का व्यापार घाटा 26.31 अरब डॉलर था. वाणिज्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव एल. सत्या श्रीनिवास ने यहां पत्रकारों से कहा कि आयात के सबसे बड़े आंकड़ों के कारण अक्टूबर के दौरान घाटा (आयात व निर्यात के बीच का अंतर) ”अधिकतम” है.

इस वित्त वर्ष में कुल मिलाकर अप्रैल-अक्टूबर में निर्यात सात प्रतिशत घटकर 244.89 अरब डॉलर रहा है, जबकि आयात 8.95 प्रतिशत कम होकर 391.96 अरब डॉलर रहा. सात महीने की अवधि में व्यापार घाटा 147.07 अरब डॉलर था, जो पिछले साल समान अवधि में 167.14 अरब डॉलर था. इस अवधि में सोने का आयात 23 प्रतिशत बढ़कर 29.5 अरब डॉलर हो गया, जबकि कच्चे तेल का आयात अप्रैल-अक्टूबर में 18.72 प्रतिशत घटकर करीब 100 अरब डॉलर रह गया.

वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि व्यापार के आंकड़ें निर्यात क्षेत्र में पुनरुद्धार का संकेत है. उन्होंने कहा, ” मुझे उम्मीद है कि हम पिछले साल के आंकड़ों को पार कर जाएंगे.” बर्थवाल ने कहा कि जिंस की कीमतों में गिरावट के बावजूद सकारात्मक वृद्धि हुई है, ”लेकिन हम जल्दबाजी नहीं कर रहे और वैश्विक स्थिति पर नजर बनाए हैं.” दूसरी ओर, अक्टूबर में उच्च वृद्धि दर्ज करने वाले आयात क्षेत्रों में दलहन (112.2 प्रतिशत), फल व सब्जियां (53.4 प्रतिशत), अलौह धातु (21.24 प्रतिशत) और इलेक्ट्रॉनिक सामान (26 प्रतिशत) शामिल हैं. वहीं विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने 2023 में वैश्विक व्यापार के 0.8 प्रतिशत बढने का अनुमान लगाया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button