अभिनेता नवाजुद्दीन की पत्नी को अदालत ने दिया जवाब देने का आखिरी मौका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Nov 2023 08:17 PM
अभिनेता नवाजुद्दीन की पत्नी को अदालत ने दिया जवाब देने का आखिरी मौका
ऑडियो सुनें

मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर की विशेष पॉक्सो अदालत ने मंगलवार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी की पत्नी आलिया को छेड़छाड़ से जुड़े एक मामले में जवाब देने का आखिरी मौका देते हुए इसके लिए अगले साल नौ जनवरी की तारीख तय की. आलिया ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ-साथ उनकी मां मेहरुन्निसां, भाई फैजुद्दीन, अयाजुद्दीन और मिनहाजुद्दीन के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था.

सरकारी वकील प्रदीप बालियान ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विशेष पॉक्सो अदालत के न्यायाधीश रितेश सचदेवा ने गत सात अक्टूबर को छेड़छाड़ मामले में पुलिस द्वारा नवाजुद्दीन और अन्य आरोपियों को क्लीन चिट दिये जाने के बाद आलिया को नोटिस जारी कर जवाब देने के लिए अदालत में पेश होने को कहा था, मगर उन्होंने पेश होने के बजाय जवाब देने के लिए और वक्त मांगा.

बालियान के अनुसार इस पर अदालत ने उन्हें हाजिर होने के लिये आखिरी मौका देते हुए आगामी नौ जनवरी तक का समय दिया है.
सरकारी वकील ने बताया कि आलिया ने 2020 में मुम्बई के वर्सोवा में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया था कि नवाजुद्दीन के भाई मिनहाजुद्दीन ने 2012 में परिवार की एक नाबालिग सदस्य के साथ छेड़छाड़ की थी, जबकि बाकी अभियुक्तों ने उसका समर्थन किया था. उन्होंने बताया कि आलिया द्वारा दर्ज मुकदमे को बाद में मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाने में स्थानांतरित कर दिया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu