इंदौर में ’50 पैसे’ का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Dec 2024 08:45 PM
इंदौर में ’50 पैसे’ का इनामी बदमाश गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में पुलिस ने एक हत्याकांड के गवाह को धमकाने के मामले में ’50 पैसे’ के इनामी बदमाश को बुधवार को गिरफ्तार किया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. शहर में पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ सांकेतिक इनाम घोषित करने का अनूठा अभियान शुरू किया है. पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विनोद कुमार मीना ने संवाददाताओं को बताया कि सौरभ गौड़ उर्फ बिट्टू (24) को गांधी नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया.

उन्होंने बताया कि गौड़ ने मल्हारगंज क्षेत्र में एक हत्याकांड के एक गवाह को अदालत में दिया बयान बदलने के लिए डराया-धमकाया था, जिसके बाद वह फरार हो गया था. मीना ने बताया कि गौड़ इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी है. उन्होंने कहा कि गौड़ की गिरफ्तारी पर पुलिस की नजरों में उसकी ”हैसियत” के मुताबिक 50 पैसे का इनाम घोषित किया गया था.

डीसीपी ने बताया,”हम फरार बदमाशों पर नाममात्र की राशि के सांकेतिक इनाम घोषित कर रहे हैं. इसका मकसद अपराधियों को यह संदेश देना है कि वे खुद को कितना भी बड़ा गुंडा क्यों न समझते हों, पुलिस उन्हें गिरफ्तार करके उन पर कड़ी कार्रवाई करेगी.” उन्होंने बताया कि गौड़ की गिरफ्तारी पर 50 पैसे का इनाम घोषित होने का इश्तेहार सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद उसने ‘र्शिमंदगी’ से बचने के लिए अपना इंस्टाग्राम खाता कुछ दिनों के लिए बंद कर लिया था. मीना ने बताया कि गौड़ पर शहर के अलग-अलग पुलिस थानों में कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu