मौजूदा कांग्रेस ‘असली’ नहीं बल्कि ‘इतालवी कांग्रेस’: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Dec 2022 06:09 PM
मौजूदा कांग्रेस ‘असली’ नहीं बल्कि ‘इतालवी कांग्रेस’: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को दावा किया कि मौजूदा कांग्रेस ‘असली’ नहीं, बल्कि ‘इतालवी कांग्रेस’ है.
भाजपा की यह प्रतिक्रिया कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उस टिप्पणी पर आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी ने देश को आजादी दिलाने में योगदान दिया, लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी ने देश के लिए एक ‘कुत्ता’ भी नहीं खोया.

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भाजपा की ओर से खरगे की टिप्पणियों की कड़ी निंदा की और दावा किया कि विपक्षी दल का स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का दावा करना गलत है, क्योंकि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कहा था कि कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए.

उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में कहा, ‘‘यह असली कांग्रेस नहीं है. हम सभी जानते हैं कि इसने सुभाष चंद्र बोस, बाल गंगाधर तिलक और सरदार पटेल जैसे नेताओं के साथ कैसा व्यवहार किया, जो असली कांग्रेस में थे.’’ जोशी ने विपक्षी पार्टी की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रही सोनिया गांधी की जन्मभूमि की ओर इशारा करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक इतालवी कांग्रेस है जिसका नेतृत्व कुछ अन्य लोग कर रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह फर्जी नेताओं से भरी, फर्जी कांग्रेस है. उसके अध्यक्ष रबर स्टैंप हैं.’’

उल्लेखनीय है कि राजस्थान के मालाखेड़ा (अलवर) में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान खरगे ने एक सभा को संबोधित करते हुए अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत-चीन के सैनिकों के बीच हाल में हुई झड़प को लेकर केंद्र सरकार पर संसद में चर्चा से भागने का आरोप लगाया था.

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार चीन की ओर से किए जा रहे ‘अतिक्रमण’ और सीमा मुद्दे पर संसद में चर्चा करने को तैयार नहीं है.
­इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘केन्द्र सरकार बाहर तो शेर की मांिनद दहाड़ती है, लेकिन यदि आप देखेंगे तो उसका व्यवहार चूहे जैसा है.’’ उन्होंने आगे कहा कि देश की खातिर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने कुर्बानी दे दी. फिर उन्होंने पूछा, ‘‘हमारी पार्टी के नेताओं ने जान दी है, तुमने (भाजपा ने) क्या किया? आपके घर देश के लिए कोई कुत्ता भी मरा है?.. क्या किसी ने कुर्बानी दी है? नहीं…. . लेकिन फिर भी वे देशभक्त हैं और हम कुछ भी बोलेंगे तो देशद्रोही.’’

खरगे के इसी बयान को मुद्दा बनाते हुए भाजपा सदस्यों ने आज राज्यसभा में भी हंगामा किया. राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल में कहा कि इस प्रकार का अभद्र भाषण देना देश के हर मतदाता का अपमान है. उन्होंने कहा कि वह खरगे के व्यवहार और उनकी भाषा की निंदा करते हैं. केंद्रीय मंत्री किरण रीजीजू ने भी खरगे पर ‘‘अपमानजनक’’ भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि इसी वजह से नेता लोगों के उपहास का विषय बन जाते हैं.

भाजपा नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कोई विश्वास नहीं कर सकता कि वह इतने नीचे गिर सकते हैं.’’ एक अन्य केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि इस तरह की ‘‘तुच्छ टिप्पणियां’’ कांग्रेस को डुबो देंगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भी सशस्त्र बलों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है. उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की टिप्पणियों के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ विपक्षी दल की ‘शव यात्रा’ बन जाएगी.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu