उप्र में दलित असुरक्षित, अपराधी बेखौफ: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Apr 2025 08:27 PM
उप्र में दलित असुरक्षित, अपराधी बेखौफ: राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक मूक-बधिर दलित बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को लेकर बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य में दलित और महिलाएं असुरक्षित हैं तथा अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं. काग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि इस घटना में जल्द से जल्द न्याय होना चाहिए.

रामपुर में मूक-बधिर दलित बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 11 वर्षीय पीड़ित बच्ची का मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, बच्ची मंगलवार शाम अपने घर के बाहर से लापता हो गई थी और बुधवार सुबह एक स्थानीय किसान ने बच्ची को खेत में बेहोशी की हालत में पाया.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”उत्तर प्रदेश के रामपुर में 11 वर्षीय दलित बेटी के साथ हुई दरिंदगी और क्रूरता बेहद शर्मनाक और झकझोरने वाली है. उत्तर प्रदेश में लगातार ऐसे अपराध साफ. तौर पर साबित करते हैं कि भाजपा सरकार में दलित और विशेष रूप से बेटियां पूरी तरह असुरक्षित हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा की दलित और महिला विरोधी मानसिकता का ही नतीजा है कि अपराधी कानून व्यवस्था से बेखौफ हैं और पीड़ित लाचार हैं. राहुल ने सवाल किया कि आखिर कब तक उत्तर प्रदेश की बेटियां ऐसी दरिंदगी का शिकार होती रहेंगी? उन्होंने कहा, ”प्रशासन से सीधी-सीधी मांग है, अपराधी पर कठोर कार्रवाई करे और, पीड़िता और उसके परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu