दंतेवाड़ा: चुनाव के लिए आए बीएसएफ जवान की हथगोला फटने से मृत्यु

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में विधानसभा चुनाव के लिए आए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान की हथगोला फटने से मृत्यु हो गई. पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जिले के कटेकल्याण थाना परिसर में हथगोला फटने से बीएसएफ के हवलदार बलबीर चंद की मृत्यु हो गई है.

उन्होंने बताया कि कटेकल्याण थाना परिसर में विधानसभा चुनाव के लिए रूके बीएसएफ के 70 वीं बटालियन के जवान आज गश्त के लिए रवाना हो रहे थे और जब जवान वहां से निकल रहे थे तब हिमाचल प्रदेश के निवासी बलबीर चंद के पाउच में रखा हथगोला फट गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को दंतेवाड़ा शहर के जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

उन्होंने बताया कि चंद के परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है. दंतेवाड़ा उन 20 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है जहां सात नवंबर को पहले चरण में मतदान होगा. अन्य 70 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण में 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में 12 विधानसभा क्षेत्र हैं. क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है.

Related Articles

Back to top button