दीपिका फिर चमकीं, भारतीय टीम जापान पर 3-0 की जीत से सेमीफाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Nov 2024 08:36 PM
दीपिका फिर चमकीं, भारतीय टीम जापान पर 3-0 की जीत से सेमीफाइनल में
ऑडियो सुनें

राजगीर. गत चैंपियन भारत ने रविवार को यहां महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट के अपने अंतिम लीग मैच में जापान को 3-0 से हराकर जीत का सिलसिला जारी रखते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया. शानदार फॉर्म में चल रहीं टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर दीपिका (47वें और 48वें मिनट) ने अंतिम क्वार्टर में दो दो गोल दाग दिए जबकि उप-कप्तान नवनीत कौर ने 37वें मिनट में गोल कर भारत का खाता खोला था.

इस जीत से भारत पांच मैचों में पांच जीत से 15 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर है जबकि ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन (12 अंक) दूसरे स्थान पर है. भारत मंगलवार को सेमीफाइनल में चौथे स्थान पर रही जापान से भिड़ेगा जबकि चीन का सामना अंतिम-चार के दूसरे मैच में तीसरे स्थान पर काबिज मलेशिया से होगा.

टूर्नामेंट की शीर्ष गोल स्कोरर दीपिका ने अब तक चार मैदानी गोल, पेनल्ट कॉर्नर से पांच गोल और पेनल्टी स्ट्रोक्स से एक गोल से कुल 10 गोल दाग दिए हैं. भारतीयों ने आठवें मिनट में लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये लेकिन खिलाड़ी इन्हें भुना नहीं सकीं. भारत ने 13वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर प्राप्त किया लेकिन फिर से मौका गंवा बैठा.

मेजबान टीम ने दबदबा जारी रखा और 25वें मिनट में चौथा पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया. लेकिन एक बार फिर जापान की गोलकीपर यु कुडो ने मौके का फायदा उठाया और तीन शानदार बचाव किए. छोर बदलने के एक मिनट बाद कुडो ने दीपिका का प्रयास रोककर फिर जापान की मदद की. भारत ने आखिरकार 37वें मिनट में नवनीत के शानदार रिवर्स हिट के जरिए बढ.त बना ली.

भारत ने 47वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और स्टार ड्रैगफ्लिकर दीपिका ने ताकतवर ड्रैगफ्लिक से गोल कर अपना खाता खोला. एक मिनट बाद भारतीयों ने एक और मौका बनाया जिस पर दीपिका ने ताकतवर फ्लिक से गोल दाग दिया और अंत में टीम ने मैच जीत लिया.

भारतीय रक्षण को भी श्रेय दिया जाना चाहिए जिसमें उदिता और सुशीला चानू ने शानदार अगुआई की और उन्होंने जापानी खिलाड़ियों को भारतीय गोल पर एक भी शॉट नहीं लगाने दिया. कप्तान सलीमा टेटे, नेहा और र्शिमला देवी ने भी मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन किया. इन्होंने अपने शानदार ‘ड्रिब्लिंग’ कौशल से अग्रिम पंक्ति के लिए कई मौके बनाए. दिन के अन्य मैचों में मलेशिया ने थाईलैंड को 2-0 से हराया जबकि चीन ने दक्षिण कोरिया को समान अंतर से मात दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu