दिग्विजय सिंह का कटाक्ष, ‘‘अब तो केवल हवा पर GST नहीं लग रहा है’’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Jul 2022 06:40 PM
दिग्विजय सिंह का कटाक्ष, ‘‘अब तो केवल हवा पर GST नहीं लग रहा है’’
ऑडियो सुनें

इंदौर. कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने आवश्यक वस्तुओं पर कर लगाने के सरकार के फैसले पर तंज कसते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ‘‘देश में अब केवल हवा पर जीएसटी नहीं वसूला जा रहा है.’’ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह पैक दही और आटा जैसे दैनिक इस्तेमाल के खाद्य उत्पादों पर पांच प्रतिशत माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लगाए जाने के जीएसटी परिषद के फैसले पर प्रतिक्रिया दे रहे थे.

राज्यसभा सदस्य सिंह ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘रोजी-रोटी से लेकर मकान मालिक और किरायेदार तक पर जीएसटी लगा दिया गया है. अब तो केवल हवा पर जीएसटी नहीं लग रहा है.’’ सिंह ने राज्य के नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन में सुधार के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व की तारीफ की और कहा,‘‘कांग्रेस में अब कोई गुटबाजी नहीं है.’’ उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों के दौरान सूबे के अलग-अलग अंचलों में कांग्रेस की जीत साबित करती है कि कमलनाथ के नेतृत्व में पार्टी के सभी नेता एकजुट होकर सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ लड़े.

सिंह ने यह भी कहा,‘‘हम राज्य में पूरे दम-खम के साथ वर्ष 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और 230 में से 150 सीटें जीतेंगे ताकि (विधायकों की) खरीद-फरोख्त की सारी संभावनाएं समाप्त हो जाएं.’’ मीडिया के साथ बातचीत से पहले, सिंह इंदौर में विधायकों और सांसदों से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली एक विशेष अदालत के सामने नियमित तारीख पर पेश हुए.

उज्जैन में वर्ष 2011 के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं से भिड़ंत के मामले में इस अदालत ने सिंह समेत छह लोगों को 26 मार्च को एक-एक साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी. हालांकि, इसके कुछ देर बाद अदालत ने सिंह समेत सभी छह मुजरिमों की याचिकाएं स्वीकार करते हुए उनकी सजा पर रोक लगा दी थी और उन्हें 25,000-25,000 रुपये की जमानत पर रिहा कर दिया था.

सोनिया गांधी को “सिर्फ राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता” के चलते प्रताड़ित किया जा रहा

राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को केवल ‘‘राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण परेशान’’ किया जा रहा है. उन्होंने यह टिप्पणी ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार से जुड़े कथित धनशोधन के मामले में सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के संदर्भ में की.

सिंह ने इंदौर के ईडी दफ्तर के सामने युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की अगुवाई की. इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि देश के लिए कुर्बानी देने वाले नेहरू-गांधी परिवार की सदस्य सोनिया गांधी को कथित रूप से केवल राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण नेशनल हेराल्ड मामले में प्रताड़ित किया जा रहा है.

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिंह ने कहा,‘‘नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों को आज वे लोग प्रताड़ित कर रहे हैं, जिन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में ब्रितानी हुकूमत का साथ दिया था. खून-पसीना और शहादत तो छोड़ ही दीजिए, इन लोगों ने आजादी की लड़ाई में नाखून तक की कुर्बानी नहीं दी थी.’’ सिंह ने नेशनल हेराल्ड मामले को बेबुनियाद बताते हुए दावा किया कि इस प्रकरण में किसी भी संपत्ति की बिक्री नहीं हुई, धन का लेन-देन या हेरा-फेरी नहीं हुई और किसी नियम-कानून का उल्लंघन भी नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो)और आयकर विभाग को “हथियार” बनाकर उन लोगों के खिलाफ इस्तेमाल कर रही है, जो उसके खिलाफ बोलते हैं.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu