चिकित्सक बलात्कार-हत्या मामला: पूर्व प्राचार्य की ‘कॉल डिटेल’ चाहती है सीबीआई, तीसरे दिन पूछताछ जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Aug 2024 08:39 PM
चिकित्सक बलात्कार-हत्या मामला: पूर्व प्राचार्य की ‘कॉल डिटेल’ चाहती है सीबीआई, तीसरे दिन पूछताछ जारी
ऑडियो सुनें

कोलकाता/नयी दिल्ली. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारी एक महिला चिकित्सक के कथित बलात्कार और हत्या मामले की जांच के संबंध में सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष की ‘कॉल डिटेल’ और ‘चैट’ की जानकारियां जुटा रहे हैं. जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को लगातार तीसरे दिन सीबीआई अधिकारियों के समक्ष पेश हुए घोष को अस्पताल में घटना से पहले और उसके बाद किए फोन कॉल की जानकारियां देने को कहा गया है.

उन्होंने बताया कि अधिकारी घोष की ‘कॉल डिटेल’ और डेटा उपयोग की जानकारियां प्राप्त करने के लिए मोबाइल फोन सेवा प्रदाता से संपर्क करने पर विचार कर रहे हैं. सीबीआई ने शनिवार देर रात तक करीब 13 घंटे तक घोष से पूछताछ की थी. घोष रविवार सुबह 11 बजे सॉल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में सीबीआई कार्यालय फिर से पहुंचे.

सीबीआई अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”हमारे पास उनसे पूछने के लिए सवालों की एक फेहरिस्त है.” उन्होंने बताया कि घोष को चिकित्सक की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी भूमिका स्पष्ट करने के लिए कहा गया है कि उन्होंने किससे संपर्क किया और (पीड़िता के) माता-पिता को करीब तीन घंटे तक का इंतजार क्यों कराया. अधिकारी के अनुसार, पूर्व प्राचार्य से यह भी पूछा गया कि घटना के बाद अस्पताल की आपातकालीन इमारत के संगोष्ठी कक्ष के पास कमरों की मरम्मत का आदेश किसने दिया था.

उन्होंने कहा, ”हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या अपराध के पीछे कोई साजिश थी या पहले से इसकी योजना बनाई गई थी. प्राचार्य क्या कर रहे थे और क्या वह किसी भी तरीके से घटना में शामिल हैं.” सीबीआई अधिकारी के मुताबिक, घोष के जवाबों का मिलान वारदात की रात को चेस्ट मेडिसिन विभाग में ड्यूटी पर मौजूद अन्य चिकित्सकों और प्रशिक्षुओं के बयानों से किया जाएगा.
सीबीआई ने अपनी जांच के संबंध में कोलकाता पुलिस के कई अधिकारियों समेत 20 से अधिक लोगों से अभी तक पूछताछ की है.
घोष ने रविवार देर रात को सॉल्ट लेक में सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआई कार्यालय से निकलते वक्त मीडिया के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया.

सीबीआई अधिकारियों ने सबसे पहले शुक्रवार को घोष से पूछताछ की थी. इसके बाद उन्हें शनिवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था. घोष ने नौ अगस्त को महिला चिकित्सक का शव मिलने के दो दिन बाद प्राचार्य पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने अपने ऊपर हमले का डर जताया था, जिसके बाद उनके वकील ने कलकत्ता उच्च न्यायालय से सुरक्षा मांगी थी. अदालत ने उन्हें एकल पीठ के पास जाने का निर्देश दिया था. परास्नातक प्रशिक्षु चिकित्सक का शव नौ अगस्त को आर जी कर अस्पताल के संगोष्ठी कक्ष में मिला था. पुलिस ने इस सिलसिले में अगले दिन एक आरोपी को गिरफ्तार किया था.

पीड़िता की पहचान उजागर करने पर पूर्व भाजपा सांसद व दो चिकित्सक तलब

कोलकाता पुलिस ने आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुए बलात्कार एवं हत्या मामले की पीड़ित महिला चिकित्सक की पहचान उजागर करने और अफवाह फैलाने के आरोप में भारतीय जतना पार्टी (भाजपा) की पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी और दो प्रसिद्ध चिकित्सकों को समन जारी किए हैं. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इन तीन लोगों के अलावा पुलिस ने घटना के बारे में गलत सूचना फैलाने के आरोप में 57 अन्य लोगों को भी समन जारी किया है.

उन्होंने बताया कि डॉ. कुणाल सरकार और डॉ. सुवर्ण गोस्वामी को समन जारी कर रविवार को दोपहर तीन बजे लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है. अधिकारी ने बताया कि इन लोगों पर पीड़िता की पहचान उजागर करने, अफवाह फैलाने और फर्जी खबरें फैलाने का आरोप है. जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सरकार ने कहा कि उन्हें पुलिस की ओर से समन मिला है, जिसमें उन्हें लालबाजार में अधिकारियों के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है.

कोलकाता पुलिस 24 अगस्त तक आरजी कर अस्पताल के पास भीड़ एकत्रित होने की अनुमति नहीं देगी

कोलकाता पुलिस ने सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पास रविवार 18 अगस्त से 24 अगस्त तक निषेधाज्ञा लागू की है, जिसके तहत पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने और सभा करने पर प्रतिबंध होगा. प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के कथित बलात्कार और हत्या का मामला सामने आने के बाद आरजी कर अस्पताल विरोध-प्रदर्शन का केंद्र बन गया है.

एक आदेश में कहा गया है कि कोलकाता पुलिस ने अस्पताल के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163(2) लागू कर दी है. इसमें बताया गया है कि अस्पताल के आसपास के क्षेत्र से लेकर श्यामबाजार फाइव-पॉइंट क्रॉसिंग तक निषेधाज्ञा लागू की गई है. आदेश के मुताबिक, निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जा सकती है.

चिकित्सक दुष्कर्म, हत्या मामला: हरभजन ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा

पूर्व क्रिकेटर एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर कोलकाता के सरकारी अस्पताल में प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार और हत्या मामले में ”त्वरित एवं निर्णायक कार्रवाई” करने का आग्रह किया है.

सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”कोलकाता बलात्कार और हत्या मामले में न्याय में देरी पर गहरी पीड़ा हुई. इस घटना ने हम सभी की अंतरात्मा को झकझोर दिया है. मैंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बंगाल के राज्यपाल को एक मार्मिक पत्र लिखकर तीव्र और निर्णायक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.” उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को कानून का सामना करना होगा और सजा ऐसी होनी चाहिए जो सबक सिखाने वाली हो.

न्यायालय ने कोलकाता में चिकित्सक से बलात्कार-हत्या के मामले में संज्ञान लिया, 20 अगस्त को सुनवाई

उच्चतम न्यायालय ने कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक प्रशिक्षु चिकित्सक से कथित बलात्कार और हत्या के मामले में स्वत: संज्ञान लिया है. शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड की गई 20 अगस्त की वाद सूची के अनुसार, प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ मंगलवार को इस मामले पर सुनवाई करेगी.

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने हाल ही में मामले की जांच कोलकाता पुलिस से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को स्थानांतरित कर दिया था. सरकारी अस्पताल के ‘सेमिनार हॉल’ में ‘जूनियर डॉक्टर’ से कथित बलात्कार और हत्या की वारदात के बाद देशभर में व्यापक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu