राष्ट्रपति के सबरीमला दौरे के खिलाफ ‘व्हाट्सएप स्टेटस’ को लेकर डीएसपी से स्पष्टीकरण मांगा गया

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 23 Oct 2025 12:37 PM
राष्ट्रपति के सबरीमला दौरे के खिलाफ ‘व्हाट्सएप स्टेटस’ को लेकर डीएसपी से स्पष्टीकरण मांगा गया

ऑडियो सुनें

पलक्कड: पलक्कड जिला पुलिस प्रमुख ने यहां के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के अधिकारी से उनके द्वारा व्हाट्सएप पर लगाए गए एक ‘स्टेटस’ के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सबरीमला दौरे की आलोचना की गई है। पुलिस बल के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

इस ‘स्टेटस’ में यह भी दावा किया गया है कि राष्ट्रपति का दौरा विभिन्न रीति-रिवाजों और उच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन है।
डीएसपी ने बाद में स्टेटस हटा दिया था। उन्होंने दावा किया है कि यह अनजाने में हुई गलती थी। ‘स्टेटस’ के संदेश में कथित तौर पर कहा गया था कि बुधवार को राष्ट्रपति के मंदिर दौरे के दौरान भगवान अयप्पा मंदिर की तीर्थयात्रा से संबंधित कई रीति-रिवाजों का उल्लंघन किया गया।

इसमें यह भी दावा किया गया था कि तीर्थयात्रा के संबंध में उच्च न्यायालय के आदेशों का भी उल्लंघन किया गया और सवाल किया गया कि कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इसका विरोध क्यों नहीं कर रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने बुधवार को सबरीमला में भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना की। वह सबरीमला के दर्शन करने वाली भारत की पहली महिला राष्ट्रपति हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ट्रेन में यात्रा करते समय अधिकारी को अपने व्हाट्सएप नंबर पर किसी के द्वारा भेजा गया एक संदेश मिला और इसे पढ़ते समय उन्होंने अनजाने में इसे अपने ‘स्टेटस’ पर लगा लिया। सूत्रों ने बताया कि जब लोगों ने उन्हें फोन करके पूछा कि उन्होंने यह ‘स्टेटस’ क्यों लगाया तो उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत इसे हटा दिया। उन्होंने बताया कि पलक्कड जिला पुलिस प्रमुख ने अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।

By navabharat digital