
नयी दिल्ली. कांग्रेस ने मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) से जुड़े विवाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद सोमवार को आरोप लगाया कि यह जांच एजेंसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए राजनीतिक विरोधियों का उत्पीड़न करने और प्रतिशोध की राजनीति का एक औजार बनकर रह गई है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री और ईडी जल्द ही पूरी तरह से बेनकाब होंगे तथा कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया निर्दोष साबित होंगे.
प्रवर्तन निदेशालय लोकायुक्त की प्राथमिकी का संज्ञान लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण विवाद के संबंध में कथित धनशोधन का मामला दर्ज कर लिया है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “किसी से छिपा नहीं है कि प्रवर्तन निदेशालय प्रधानमंत्री के लिए राजनीतिक विरोधियों का उत्पीड़न करने और प्रतिशोध की राजनीति का एक औजार बनकर रह गया है. वर्ष 2023 के मई महीने में कर्नाटक के लोगों ने उन्हें बुरी तरह ख.ारिज. किया था. वह उस अपमान को भूल नहीं पा रहे हैं.” उन्होंने कहा, “कांग्रेस का मानना है कि वह और उनकी ईडी जल्द ही पूरी तरह से बेनकाब होंगे. हमारे लिए किसी भी तरह से डरने वाली कोई बात नहीं है. कर्नाटक के मुख्यमंत्री निर्दोष साबित होंगे.”



