कोलकाता मामले में आरोपी को बचाने का प्रयास अस्पताल, प्रशासन पर सवाल खड़े करते हैं: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Aug 2024 07:55 PM
कोलकाता मामले में आरोपी को बचाने का प्रयास अस्पताल, प्रशासन पर सवाल खड़े करते हैं: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कोलकाता में प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि महिला डॉक्टर को न्याय दिलाने के बजाय आरोपी को बचाने का प्रयास अस्पताल और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करता है. कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके राहुल ने कहा कि कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की जघन्य घटना से पूरा देश स्तब्ध है. उन्होंने कहा कि उसके साथ हुए क्रूर और अमानवीय कृत्य के खुलासे से डॉक्टर समुदाय और महिलाओं में असुरक्षा का माहौल है.

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई दुष्कर्म एवं हत्या की वीभत्स घटना से पूरा देश स्तब्ध है. उसके साथ हुए क्रूर और अमानवीय कृत्य की परत दर परत जिस तरह खुल कर सामने आ रही है, उससे चिकित्सक बिरादरी और महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल है.” उन्होंने कहा, ”पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों को बचाने की कोशिश अस्पताल और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है.”

गांधी ने कहा, ”इस घटना ने सोचने पर मजबूर कर दिया है कि अगर मेडिकल कॉलेज जैसी जगह पर डॉक्टर्स सुरक्षित नहीं हैं तो किस भरोसे अभिभावक अपनी बेटियों को पढ़ने बाहर भेजें. निर्भया कांड के बाद बने कठोर कानून भी ऐसे अपराधों को रोक पाने में असफल क्यों हैं.” उन्होंने कहा कि हाथरस से उन्नाव और कठुआ से लेकर कोलकाता तक महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ती घटनाओं पर हर दल, हर वर्ग को मिलकर गंभीर विचार-विमर्श कर ठोस उपाय करने होंगे. गांधी ने कहा, ”मैं इस असहनीय कष्ट में पीड़िता के परिवार के साथ खड़ा हूं. उन्हें हर हाल में न्याय मिले और दोषियों को ऐसी सजा मिले जो समाज में एक नजीर की तरह प्रस्तुत की जाए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu