‘बॉर्डर 2’ के जरिए पुरानी यादों को ताजा करने के लिए हर कोई उत्सुक है: फिल्म निर्माता निधि दत्ता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Dec 2025 08:01 PM
‘बॉर्डर 2’ के जरिए पुरानी यादों को ताजा करने के लिए हर कोई उत्सुक है: फिल्म निर्माता निधि दत्ता
ऑडियो सुनें

मुंबई. ‘बॉर्डर 2’ की निर्माता निधि दत्ता का कहना है कि ‘घर कब आओगे’ गीत जारी होने से पहले ही फिल्म को मिल रहे प्यार से वह अभिभूत हैं. उन्हें विश्वास है कि इस नयी फिल्म के जरिए प्रशंसक 1997 की हिट फिल्म की पुरानी यादों को फिर से जी सकेंगे. फिल्म निर्माता ‘घर कब आओगे’ जारी करने के लिए तैयार हैं. यह गीत सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ जैसे गायकों ने मिलकर गाया है.

अनु मलिक के संगीत को मिथुन ने फिर से तैयार किया है और जावेद अख्तर द्वारा पुरानी फिल्म के लिए लिखे गए मूल गीत में अब अतिरिक्त पंक्तियां मनोज मुंतशिर शुक्ला द्वारा लिखी गई हैं. इस गीत के ‘टीज.र’ को सभी मंचों पर 70 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है. दत्ता के पिता जेपी दत्ता द्वारा 1997 में निर्देशित ‘बॉर्डर’ एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.

निधि दत्ता ने एक बयान में कहा, ”’बॉर्डर 2′ सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह एक भावना है जो दुनिया भर के हर भारतीय से जुड़ी है. इस फिल्म के लिए विदेशों में भी भारतीयों की प्रतिक्रिया बेहद मार्मिक रही है. हर कोई फिल्म का इंतजार कर रहा है और हर कोई मेरे पिता की फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को फिर से जीना चाहता है.” दत्ता ने कहा, ”’घर कब आओगे’ गाने के जारी किए जाने को लेकर उमड़ रहे प्यार और उम्मीद ने भावनाओं को और भी गहरा कर दिया है. इससे मेरे पिता और मुझे यह भरोसा मिलता है कि ‘बॉर्डर 2’ का इंतजार उन पुरानी यादों को फिर से जीने की चाहत के साथ किया जा रहा है जो दुनिया भर के हर भारतीय के दिल से जुड़ी हैं.”

अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित, ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और आन्या सिंह जैसे कलाकार शामिल हैं. यह फिल्म गुलशन कुमार और टी-सीरीज द्वारा जे.पी. दत्ता की जे.पी. फिल्म्स के सहयोग से प्रस्तुत की गई है तथा इसके निर्माता भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता हैं. ‘बॉर्डर 2’ फिल्म 23 जनवरी सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu