आबकारी नीति ‘घोटाला’ : ईडी ने बीआरएस नेता के. कविता को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 15 Mar 2024 08:51 PM
आबकारी नीति ‘घोटाला’ : ईडी ने बीआरएस नेता के. कविता को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले से जुड़े धन शोधन मामले में शुक्रवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने बताया कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव की बेटी कविता (46) को पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है.

इससे पहले दिन में ईडी अधिकारियों ने हैदराबाद में कविता के परिसरों पर छापेमारी की और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी परिपत्र के मुताबिक, तेलंगाना में बीआरएस की विधान पार्षद (एमएलसी) कविता को हैदराबाद में बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास से शाम पांच बजकर 20 मिनट पर गिरफ्तार किया गया.

ईडी अधिकारियों ने बताया कि कविता के पति डी.आर. अनिल कुमार को उनकी गिरफ्तारी के बारे में सूचित कर दिया गया है.
ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में पिछले साल कविता से तीन बार पूछताछ की थी और इस साल उन्हें फिर से तलब किया था, लेकिन वह उच्चतम न्यायालय के एक निर्देश का हवाला देते हुए पेश नहीं हुईं क्योंकि अदालत ने उन्हें किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण प्रदान किया था.

बीआरएस नेता और पूर्व मंत्री वेमुला प्रशांत रेड्डी ने हैदराबाद में बताया कि पार्टी की विधान परिषद कविता को गिरफ्तार कर लिया गया है और आज उन्हें रात 8.45 बजे की उड़ान से दिल्ली ले जाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम ‘पूर्व नियोजित’ था और वे इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे. बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव, पूर्व मंत्री हरीश राव तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कविता के आवास पर जुट गए थे और उन्होंने नारेबाजी की.

ईडी ने दावा किया था कि कविता शराब कारोबारियों की लॉबी ‘साउथ ग्रुप’ से जुड़ी हुई थीं, जो 2021-22 के लिये दिल्ली आबकारी नीति में एक बड़ी भूमिका निभाने की कोशिश कर रही थी. यह नीति अब रद्द की जा चुकी है. ईडी ने आरोप लगाया है कि मामले के एक आरोपी विजय नायर को सरत रेड्डी, कविता और एम. श्रीनिवासुलु रेड्डी द्वारा नियंत्रित ‘साउथ ग्रुप’ से कम से कम 100 करोड़ रुपये की रिश्वत मिली और ये राशि आप नेताओं को देने के लिए नायर को दी गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu