भारत में नई-नई जगह देखने को उत्साहित हूं: मिस वर्ल्ड कैरोलिना बिलावस्का

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Jun 2023 09:52 PM
भारत में नई-नई जगह देखने को उत्साहित हूं: मिस वर्ल्ड कैरोलिना बिलावस्का
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विश्व सुंदरी (मिस वर्ल्ड) कैरोलिना बिलावस्का इस साल के अंत में भारत में होने वाली मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के दौरान देश में अधिक से अधिक जगह देखने को उत्साहित हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि मौका मिलने पर वह हिंदी सिनेमा में भी जरूर काम करना चाहेंगी. भारत इस साल 71वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है.

बिलावस्का (24) ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ” मुझे टिक्का मसाला और बटर चिकन काफी पंसद है. भारत की यात्रा के समय मैं खान-पान पर नियंत्रण नहीं रख पाती क्योंकि आपका खाना बहुत ही स्वादिष्ट है और मुझे मसालेदार खाना बहुत पसंद हैं.” बिलावस्का की इस साल के अंत में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के दौरान एक महीने तक भारत की यात्रा पर रहने की योजना है.
बिलावस्का इस दौरान मणिपुर, आगरा और फिर से मुंबई और गोवा जाना चाहती हैं.

उन्होंने कहा, ” मैं मणिपुर जाना चाहती हूं और ताज महल देखने आगरा जाना चाहूंगी… गोवा थोड़ा और देखना चाहूंगी. कई जगह हैं… मुंबई भी .. मुझे लगता है कि वहां देखने के लिए बहुत कुछ है. हम बेहद कम समय के लिए वहां थे. इसलिए मैं चाहती हूं कि एक महीने की प्रतियोगिता के दौरान अधिक से अधिक जगह देख पाऊं.” बॉलीवुड के प्रति अपना प्यार जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि वह जरूर हिंदी सिनेमा में काम करना पसंद करेंगी.

उन्होंने कहा, ” मैं सबसे अधिक प्रियंका चोपड़ा के बारे में जानती हूं क्योंकि वह भी मिस वर्ल्ड थीं … मैं बॉलीवुड फिल्में देखती आई हूं और मुझे सबसे अधिक उनका जुनून पसंद है. नृत्य, संस्कृति बहुत जीवंत और रंगीन हैं. ऐश्वर्या (राय) भी एक बेहतरीन कलाकार हैं और मैं खुद को भी यह सब करते देखना चाहती हूं.” बिलावस्का ‘मिस वर्ल्ड’ का खिताब जीतने वाली पोलैंड की दूसरी महिला हैं. अनीता क्रेग्लिका ने 1989 में अपने देश के लिए यह सौंदर्य प्रतियोगिता जीती थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu