दक्षिण गाजा में तेज हुई लड़ाई, अमेरिका ने इजराइल को भेजे हथियार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Dec 2023 08:36 PM
दक्षिण गाजा में तेज हुई लड़ाई, अमेरिका ने इजराइल को भेजे हथियार
ऑडियो सुनें

दीर अल-बलाह. अमेरिका द्वारा संघर्ष विराम के नवीनतम अंतरराष्ट्रीय प्रयास को वीटो करने के बाद इजराइल ने अपने हमले तेज कर दिए हैं. इजराइल ने उत्तर सहित पूरे गाजा में शनिवार रात और रविवार को भीषण लड़ाई जारी रखी. इजराइल के लिए उसके करीबी सहयोगी अमेरिका ने और अधिक युद्ध सामग्री भेजी है.

हजारों फलस्तीनी नागरिकों के मारे जाने के बाद इजराइल पर स्थायी युद्धविराम का अंतरराष्ट्रीय आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है. गाजा की 23 लाख में से लगभग 85 प्रतिशत आबादी चारों ओर से घिरे इस क्षेत्र में विस्थापित गई है. संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों का कहना है कि भागने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं है.

बहरहाल, अमेरिका ने लड़ाई को खत्म करने के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अपनी ‘वीटो’ शक्ति का इस्तेमाल कर हाल के दिनों में इजराइल के अभियान में अहम सहयोग किया है. उसने इजराइल को 10 करोड़ डॉलर से अधिक के हथियार बेचे हैं. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ‘युद्ध जारी रखने के लिए महत्वपूर्ण गोला-बारूद’ मुहैया कराने और सुरक्षा परिषद में इजराइल का समर्थन करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को धन्यवाद दिया.

अमेरिका ने हमास की सैन्य और शासन क्षमताओं को कुचलने और युद्ध के कारण बने सात अक्टूबर के हमले में बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने के इजराइल के लक्ष्य के लिए अटूट समर्थन का वादा किया है. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने पिछले सप्ताह संघर्ष विराम का आह्वान करते हुए कहा था, ”हम मानवीय व्यवस्था के पतन के गंभीर खतरे का सामना कर रहे हैं”.

उन्होंने कतर में एक मंच से कहा, ”स्थिति तेजी से बिगड़ती जा रही है और समग्र रूप से फलस्तीनियों और क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए संभावित अपरिवर्तनीय प्रभावों के साथ एक तबाही में बदल रही है.” इजराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, तज.ाची हनेग्बी ने शनिवार देर रात चैनल 12 टीवी को बताया कि अमेरिका ने हमास को कुचलने और सभी बंधकों को छुड़ाने के अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए इजराइल के वास्ते कोई समयसीमा तय नहीं की गई है.

उन्होंने कहा, ”यह मूल्यांकन सही है कि इसे हफ्तों में नहीं मापा जा सकता है, और मुझे यकीन नहीं है कि इसे महीनों में मापा जा सकता है.” इजराइली सेना को यहां तक उत्तरी गाजा में भी भारी प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है,जहां पूरे इलाके को हवाई हमलों से नष्ट कर दिया गया है और जहां छह सप्ताह से अधिक समय से जमीनी कार्रवाई की जा रही है.

इजराइल के चैनल 13 टीवी द्वारा प्रसारित फुटेज में दिख रहा है कि दर्जनों बंदी अपने अंडरवियर उतारने के बाद हाथ में खड़े कर रहे हैं. कई लोगों ने अपने सिर के ऊपर असॉल्ट राइफलें उठा रखी थीं और एक व्यक्ति को धीरे-धीरे आगे बढ.ते हुए और समूह में लौटने से पहले जमीन पर बंदूक रखते हुए देखा जा सकता था.

इजराइल ने हालिया वीडियो या दुर्व्यवहार के आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन सरकार के प्रवक्ता इलोन लेवी ने कहा कि हमास के आत्मसमर्पण करने वाले लड़ाकों की ‘संख्या बढ. रही है. वे अपने हथियार सौंप रहे हैं जो उनके ‘गिरते’ मनोबल का संकेत है.
दक्षिणी शहर खान यूनिस में और उसके आसपास भी भारी लड़ाई चल रही है.

मध्य गाजा में, सैकड़ों फलस्तीनी संयुक्त राष्ट्र वितरण केंद्र के बाहर आटे का इंतजार करते दिखे. हमास नियंत्रित क्षेत्र में स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजराइल-हमास युद्ध के कारण गाजा में मारे गए लोगों की संख्या 17,700 को पार कर गई है जिनमें करीब दो तिहाई संख्या महिलाओं और बच्चों की है.

इजराइली सेना का कहना है कि जमीनी कार्रवाई में 97 इजराइली सैनिक मारे गए हैं. फलस्तीनी उग्रवादियों ने भी इजराइल में रॉकेट दागना जारी रखा है. नेतन्याहू के कार्यालय ने रविवार को कहा कि हमास के पास अभी भी 117 बंधक हैं, साथ ही सात अक्टूबर के हमले के दौरान मारे गए 20 लोगों के अवशेष भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu