बेंगलुरु. बेंगलुरु पुलिस ने फलस्तीन के समर्थन में यहां मौन जुलूस निकालने के आरोप में कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फलस्तीनियों के साथ एकजुटता प्रर्दिशत करने के लिए सेंट मार्क रोड पर तख्तियां और पोस्टर लेकर रविवार को मौन जुलूस निकालने वाले लोगों के समूह के पास विरोध प्रदर्शन की इजाजत नहीं थी.
उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के तहत प्रदर्शन सिर्फ फ्रीडम पार्क में ही किए जा सकते हैं. अधिकारी ने बताया कि मौन जुलूस की वजह से लोगों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हुई. उन्होंने बताया कि इस बाबत शिकायत मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है.