ओडिशा के पूर्व मंत्री अनंत दास का निधन; राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Mar 2025 07:51 PM
ओडिशा के पूर्व मंत्री अनंत दास का निधन; राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर/बालासोर. ओडिशा के पूर्व मंत्री अनंत दास का रविवार तड़के 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया. वह काफी समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे. पूर्व मंत्री के परिवार ने यह जानकारी दी. दास के परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी हैं. उनके बेटे विश्वजीत दास ने बताया कि पूर्व उच्च शिक्षा और उद्योग मंत्री कुछ समय से बीमार थे और भुवनेश्वर में अपने सरकारी आवास पर सुबह करीब पौने चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य नेताओं ने चार बार विधायक रहे अनंत दास के निधन पर शोक व्यक्त किया.

मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”ओडिशा सरकार में मंत्री रहे अनंत दास के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ. उन्होंने ओडिशा के लोगों के लिए काम किया. उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं.” अपने शोक संदेश में माझी ने कहा कि दास एक लोकप्रिय नेता और एक योग्य प्रशासक थे. उन्होंने कहा, ”राज्य ने एक सर्मिपत और मिलनसार नेता खो दिया है.” दास के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष एवं विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कहा कि उन्हें लंबे समय तक एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनके काम के लिए याद किया जाएगा.

पटनायक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”मैं इस दुख की घड़ी में शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं.” बीजद नेता और भोगराई से विधायक गौतमबुद्ध दास ने कहा, ”भोगराई ने अपने दिग्गज नेता को खो दिया. क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.” अनंत दास 2004, 2009, 2014 और 2019 में बीजद के टिकट से बालासोर जिले के भोगराई निर्वाचन क्षेत्र से ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए थे. वह विधानसभा में बीजद के मुख्य सचेतक भी रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu