स्वास्थ्य विभाग ने सिंध के पूर्व मुख्यमंत्री के जिंदा बेटे को मृत घोषित किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Mar 2025 08:24 PM
स्वास्थ्य विभाग ने सिंध के पूर्व मुख्यमंत्री के जिंदा बेटे को मृत घोषित किया
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान के सिंध सूबे के स्वास्थ्य विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री सैयद कईम अली शाह के बेटे डॉ. सैयद लियाकत अली शाह को मृत घोषित कर दिया, जबकि वह जीवित हैं और वर्तमान में एक सरकारी नेत्र रोग अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. यह जानकारी एक टेलीविजन चैनल ने अपनी खबर में दी.

समा टीवी की खबर के मुताबिक यह खुलासा एक कर्मचारी भर्ती मामले से संबंधित अदालत में जमा दस्तावेजों के दौरान हुआ. स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य महानिदेशक और अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव द्वारा अदालत में पेश रिपोर्ट में कहा गया था कि भर्ती आदेश जारी करने वाले डॉ. लियाकत अली शाह का निधन हो गया है.

खबर के मुताबिक अदालत को गुमराह करने के लिए मृत्यु प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत किया गया जबकि डॉ. लियाकत अली शाह पिछले दो वर्षों से नेत्र अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) के पद पर कार्यरत हैं. इससे पहले, उन्होंने अपनी सेवानिवृत्ति के बाद एक चिकित्सा महाविद्यालय में अनुबंध प्रोफेसर के रूप में काम किया था.

डॉ. लियाकत इससे पहले जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) के रूप में कार्य कर चुके हैं और एक दशक पहले 400 से अधिक कर्मचारियों की भर्ती के लिए जिम्मेदार थे. इनमें से 161 कर्मचारियों को फिलहाल वेतन मिल रहा है जबकि बाकी मामले अभी अदालत में लंबित हैं.

खबर के मुताबिक जब डॉ. लियाकत से उनकी प्रतिक्रिया के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने उनकी कथित मृत्यु से संबंधित दावों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. डॉ. लियाकत ने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य सचिव से कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है और पत्र प्राप्त होने के बाद ही वह लिखित जवाब देंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu