शिरडी में भीख मांगने पर गिरफ्तार 51 लोगों में से चार की अस्पताल में मौत

मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के शिरडी में भीख मांगने के आरोप में गिरफ्तार 51 लोगों में से चार की एक अस्पताल में मौत हो गई है.
पवार ने इन मौतों की गहन जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.

अहिल्यानगर के कर्जत-जामखेड विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पवार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “शिरडी में 51 लोगों को भीख मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया था. तबीयत बिगड़ने पर उनमें से कुछ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से चार की मौत हो गई.” राकांपा (एसपी) विधायक ने दावा किया कि इन मरीजों के साथ कई अमानवीय कृत्य किए जाने की बात सामने आ रही है, जिसमें पानी न दिया जाना और एक कमरे में बंद रखा जाना शामिल है. उन्होंने कहा कि आम आदमी को आश्चर्य हो रहा है कि राज्य सरकार ने ऐसे समय में लोगों पर कार्रवाई शुरू की है, जब सोमनाथ सूर्यवंशी मामले के जख्म अब भी ताजा हैं.

पवार ने मांग की, “सरकार को तुरंत इस मामले की गहन जांच करानी चाहिए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.” सूर्यवंशी की पिछले साल 15 दिसंबर को परभणी के एक सरकारी अस्पताल में न्यायिक हिरासत में मौत हो गई थी. कुछ दिन पहले कांच के आवरण (ग्लास केस) में रखी संविधान की प्रतिकृति के अपमान को लेकर शहर में हुई हिंसा के सिलसिले में उसे गिरफ्तार किया गया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button