
नयी दिल्ली. पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मामले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्ज्वल निकम, केरल से भारतीय जनता पार्टी के नेता सी सदानंदन मास्टर और इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है.
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार देर रात जारी एक अधिसूचना में कहा कि राष्ट्रपति ने इन चार व्यक्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है. अधिसूचना में कहा गया, ”भारत के संविधान के अनुच्छेद 80 के खंड (1) के उप-खंड (ए) द्वारा प्रदत्त शक्तियों के साथ-साथ उस अनुच्छेद के खंड (3) के तहत राष्ट्रपति मनोनीत सदस्यों की सेवानिवृत्ति के कारण उत्पन्न रिक्तियों को भरने के लिए उज्ज्वल देवराव निकम, सी. सदानंदन मास्टर, हर्षवर्धन श्रृंगला और डॉ. मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत करती हैं.” राष्ट्रपति द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित 12 व्यक्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया जाता है.
अमित शाह ने राज्यसभा के लिए मनोनीत हुए व्यक्तियों को बधाई दी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा के लिए मनोनीत हुए चार प्रतिष्ठित व्यक्तियों को रविवार को बधाई दी और कहा कि उनका व्यापक ज्ञान, अनुभव एवं कौशल संसद में राष्ट्रीय विमर्श को और समृद्ध बनाएगा. पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला, 26/11 मुंबई आतंकवादी हमला मामले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्ज्वल निकम, भाजपा की केरल इकाई के नेता सी सदानंदन मास्टर और दिल्ली में रहने वालीं इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है.
शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रतिष्ठित इतिहासकार डॉ. मीनाक्षी जैन जी, पूर्व राजनयिक श्री हर्षवर्धन शृंगला जी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री सी सदानंदन मास्टर जी और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री उज्ज्वल निकम जी को माननीय राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर हार्दिक बधाई.” गृह मंत्री ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में अपने अनुकरणीय योगदान से इन प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने राष्ट्र का मान बढ़ाया है. उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि आपके व्यापक ज्ञान, अनुभव और कौशल संसद में राष्ट्रीय विमर्श को और समृद्ध बनाएंगे.”



