गंगोत्री हाईवे हादसा: गंगोत्री धाम के दर्शन की उम्मीद लेकर निकले सात लोगों का सफर उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसे में बदल गया। गुरुवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे। वाहन गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय वह अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरा और नदी में समा गया।
पांच शव बरामद, दो की तलाश जारी
राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे से पांच लोगों के शव बरामद किए गए हैं। वाहन में कुल सात लोग सवार थे, बाकी दो लोगों की तलाश जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल और नदी किनारे दहला देने वाला मंजर रहा और क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
सर्च अभियान में जुटीं टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं।
नोट: खबर शुरुआती जानकारी पर आधारित है। हादसे के कारण और मृतकों की पहचान की पुष्टि जांच और सर्च अभियान पूरा होने के बाद ही होगी।