बुर्का पहनकर अदालत में आत्मसमर्पण करने पहुंचा गैंगस्टर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Nov 2024 10:23 PM
बुर्का पहनकर अदालत में आत्मसमर्पण करने पहुंचा गैंगस्टर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश का एक बदमाश बुर्का पहनकर यहां की पटियाला हाउस अदालत में पहुंचा और उसके समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. गैंगस्टर ने कहा कि उसे डर था कि दिल्ली पुलिस उसे मुठभेड़ में मार सकती थी. वह दिल्ली में एक व्यवसायी के घर के बाहर गोलीबारी करने और उससे रंगदारी मांगने के मामले में भी वांछित था.

बुलंदशहर निवासी 25 वर्षीय सोहेल खान पर बम्बीहा-कौशल चौधरी गिरोह से जुड़े होने का संदेह है. वह 26 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक व्यापारी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में कथित रूप से शामिल था. आरोपी ने 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए एक नोट फेंका जिस पर बम्बीहा गिरोह के बदमाशों के नाम लिखे थे. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोहेल खान फरार था और पुलिस की कई टीम उसकी तलाश कर रही थी.

सोहेल खान ने बुधवार को पटियाला हाउस अदालत में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी दी थी. उसने अर्जी में कहा कि वह इस मामले में शामिल नहीं है और पुलिस उसे मुठभेड़ में मार सकती है. एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया, ”बुधवार को वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बुर्का पहनकर अदालत में दाखिल हुआ. उसे वकीलों के एक समूह ने घेर रखा था.” अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने के बाद उसे दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने गिरफ्तार कर लिया. अदालत ने उसे आगे की पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने बताया कि सोहेल के खिलाफ दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लूट और झपटमारी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu