गिल करियर के सर्वश्रेष्ठ 25वें स्थान पर, जायसवाल और कुलदीप भी आईसीसी रैंकिंग में आगे बढ़े

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 08:42 PM
गिल करियर के सर्वश्रेष्ठ 25वें स्थान पर, जायसवाल और कुलदीप भी आईसीसी रैंकिंग में आगे बढ़े
ऑडियो सुनें

दुबई. भारत के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल बुधवार को जारी नवीनतम आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में करियर के सर्वश्रेष्ठ 25वें स्थान पर पहुंच गए जबकि उनके साथी सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और स्पिनर कुलदीप यादव को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैच की श्रृंखला के अंतिम दो मैच में 77 और नौ रन की पारी खेलने वाले गिल को 43 स्थान का फायदा हुआ है. इससे पहले गिल की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 30 थी जो उन्होंने इस साल अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ 126 रन की पारी के बाद हासिल की थी.

वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला के चौथे मैच में गिल ने जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 165 रन जोड़े थे जो भारत की ओर से पहले विकेट की संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ साझेदारी थी. आईसीसी के अनुसार जायसवाल एक हजार से अधिक स्थान के फायदे के साथ 88वें पायदान पर पहुंच गए हैं. फ्लोरिडा के लॉडरहिल में चौथे मैच में दो विकेट की बदौलत कलाई के स्पिनर कुलदीप 23 स्थान की छलांग के साथ 28वें पायदान पर हैं.

भारत के खिलाफ श्रृंखला 3-2 से जीतने वाले वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है. अंतिम मैच में 55 गेंद में नाबाद 85 रन की पारी खेलने वाले ब्रेंडन किंग पांच स्थान के फायदे से 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं. काइल मायर्स दो स्थान आगे बढ़कर 45वें जबकि शिमरोन हेटमायर 16 स्थान के फायदे से 85वें स्थान पर हैं. गेंदबाजों में अकील हुसैन अब 11वें स्थान पर हैं. उन्हें तीन स्थान का फायदा हुआ है. पूर्व कप्तान जेसन होल्डर 85वें पायदान पर हैं. चार विकेट की बदौलत रोमारियो शेफर्ड 63वें स्थान पर हैं. उन्हें 20 स्थान का फायदा हुआ है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu