गिल, किशन वनडे में करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Aug 2023 08:15 PM
गिल, किशन वनडे में करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर
ऑडियो सुनें

दुबई. भारत के सलामी जोड़ीदार शुभमन गिल और ईशान किशन ने बुधवार को जारी ताजा वनडे रैंकिंग में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया. देश में शुरु होने वाले 50 ओवर के विश्व कप से दो महीने पहले गिल दो पायदान ऊपर पांचवें स्थान पर काबिज हो गये और पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों के करीब पहुंच गये.

पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम शीर्ष पर बरकरार हैं. गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत 743 रेटिंग अंक पर पहुंच गये. वह तीसरे स्थान पर काबिज फखर जमां (755 रेटिंग अंक) और चौथे स्थान पर काबिज इमाम उल हक (745 रेटिंग अंक) के करीब हैं.

किशन ने भी नौ पायदान की छलांग से 36वां स्थान हासिल किया जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैकिंग हैं जबकि अनुभवी आल राउंडर हार्दिक पंड्या ने 10 पायदान का सुधार किया जिससे वह बल्लेबाजी सूची में 71वें स्थान पर बने हुए हैं. ताजा सूची में कई भारतीय खिलाड़ियों ने ऊपर की ओर कदम बढ.ाये. पंड्या वनडे आल राउंडर सूची में पांच पायदान के लाभ से 11वें स्थान पर पहुंचे जबकि बायें हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव और तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने वनडे गेंदबाजों की सूची में प्रभावित किया.

कुलदीप वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में सात विकेट की बदौलत चार पायदान की उछाल से 10वें स्थान पर पहुंचकर शीर्ष 10 में शामिल हुए जबकि ठाकुर आठ विकेट की मदद से तीन पायदान के सुधार से 30वें स्थान पर पहुंचे. टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में वेस्टइंडीज के खिलाफ पदार्पण करने वाले भारत के तिलक वर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शानदार शुरुआत की बदौलत बल्लेबाजी सूची में 46वें स्थान से प्रवेश किया. उन्होंने पहले तीन टी20 में 39, 50, नाबाद 49 रन बनाये हैं. गेंदबाजी सूची में कुलदीप यादव (36 पायदान के फायदे से 51वें स्थान पर) भारत के लिए सबसे लंबी छलांग लगाने में कामयाब रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu