कॉलेज जाने वाली छात्रा का धर्म परिवर्तन करा कर किया निकाह, आरोपी गिरफ्तार

फिरोजाबाद. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में कॉलेज की छात्रा को कथित रूप से धर्म परिवर्तन करने के लिये मजबूर करने और इस्लामिक रीति के अनुसार उसके साथ निकाह करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है . पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी . पुलिस के अनुसार नगर के थाना रसूलपुर क्षेत्र निवासी छात्रा के लापता होने के मामले में उसके पिता ने दूसरे समुदाय के युवक के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत करायी.

इसमें अभियोग पंजीकृत कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर छात्रा को बरामद कर लिया. उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने युवती का धर्म परिवर्तन करा कर उसके साथ निकाह कराने की बात स्वीकारी. नगर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया थाना रसूलपुर के क्षेत्र निवासी बीकॉम की छात्रा अपने भाई के साथ 10 दिन पूर्व 25 अप्रैल को कॉलेज गयी थी और तभी रामगढ़ थाना क्षेत्र के आकाशवाणी रोड निवासी आरिफ छात्रा को कथित रूप से बहला-फुसलाकर भगा ले गया.

बाद में पिता की तहरीर पर थाना उत्तर में आरोपी के खिलाफ ‘अपहरण’ का मामला दर्ज कराया गया था. उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने बुधवार की रात्रि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ कर उसकी निशानदेही पर शुक्रवार की रात छात्रा को बरामद कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने युवती का धर्म परिवर्तन कराकर उसके साथ निकाह कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button