गुलवीर ने 10000 मीटर में 16 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Mar 2024 09:08 PM
गुलवीर ने 10000 मीटर में 16 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता एथलीट गुलवीर सिंह ने कैलिफोर्निया के सैन जुआन कैपिस्ट्रानो में द टेन प्रतियोगिता में पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ में 16 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए अपनी हीट में दूसरा स्थान हासिल किया.
इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने शनिवार को अपनी इस स्पर्धा में 27 मिनट, 41.81 सेकंड का समय लेकर सुरेंद्र सिंह के 2008 में बनाए गए 28 मिनट, 02.89 सेकंड के रिकॉर्ड को तोड़ा.

गुलवीर का यह प्रयास हालांकि ओलंपिक के क्वालिफिकेशन के लिए पर्याप्त नहीं था. पेरिस ओलंपिक खेलों का क्वालिफिकेशन समय 27 मिनट है और इस तरह से यह भारतीय एथलीट 41 सेकंड के अंतर से इसे हासिल करने से चूक गया. इस स्पर्धा में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय खिलाड़ी कार्तिक कुमार 28 मिनट, 01.90 सेकंड का समय लेकर नौवें स्थान पर रहे. उनका समय भी सुरेंद्र सिंह के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड से बेहतर है.

भारत के एक अन्य एथलीट अविनाश साबले इसी स्पर्धा में अपनी दौड़ पूरी नहीं कर पाए. वह 15वें लैप में 6000 मीटर की दूरी पूरी करने के बाद हट गए थे. महिलाओं की 10000 मीटर दौड़ में भारत की पारूल चौधरी 32 मिनट, 0 2.08 सेकंड का समय लेकर 20वें स्थान पर रही. वह भी पेरिस ओलंपिक के क्वालिफिकेशन समय 30 मिनट, 40.00 सेकंड को हासिल करने में नाकाम रही.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu