हरमनप्रीत और स्मृति के अर्धशतक, भारत ने श्रीलंका को 173 रन का लक्ष्य दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Oct 2024 10:03 PM
हरमनप्रीत और स्मृति के अर्धशतक, भारत ने श्रीलंका को 173 रन का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

दुबई. कप्तान हरमनप्रीत कौर और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के अर्धशतक से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में बुधवार को यहां श्रीलंका के खिलाफ तीन विकेट पर 172 रन बनाए जो मौजूदा टूर्नामेंट का सर्वोच्च स्कोर है.

पिछले मैच में रिटायर्ड हर्ट हुई कप्तान हरमनप्रीत बिलकुल भी सहज नजर नहीं आईं और उन्होंने 27 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के से नाबाद 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली. उनकी पारी की बदौलत भारत अंतिम पांच ओवर में 46 रन जोड़ने में सफल रहा जो मौजूदा टूर्नामेंट में किसी भी टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. स्मृति ने 38 गेंद में चार चौकों और एक छक्के से 50 रन की पारी खेलने के अलावा शेफाली वर्मा (43) के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई.

हरमनप्रीत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद शेफाली और स्मृति ने पहले विकेट के लिए 12.4 ओवर में 98 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. शेफाली और स्मृति ने सतर्क की शुरुआत के बाद आकर्षक शॉट खेले. शेफाली ने तीसरे ओवर में उदेशिका प्रबोधिनी पर पारी का पहला चौका जड़ा. बीस साल की यह खिलाड़ी अगले ओवर में कविशा दिलहारी पर चौके और एक रन के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो हजार रन पूरे करने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनी.

स्मृति ने छठे ओवर में सुगंदिका कुमारी पर अपना पहला चौका जड़ा जबकि शेफाली ने भी इस ओवर में गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए जिससे भारत ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 41 रन बनाए. स्मृति ने इनोका रणवीरा पर भारत की ओर से टूर्नामेंट का पहला छक्का जड़ा और सातवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने प्रबोधिनी और चामरी अटापट्ट्र (34 रन पर एक विकेट) पर भी चौके मारे. भारत ने 10 ओवर में बिना विकेट खोए 78 रन बनाए.

स्मृति ने चामरी पर चौके के साथ 36 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन एक गेंद बाद तेज रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गईं. उन्होंने 38 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा. शेफाली भी चामरी की अगली गेंद पर विश्मी गुणरत्ने को कैच दे बैठी जिससे भारत का स्कोर दो विकेट पर 98 रन हो गया. शेफाली ने 40 गेंद की पारी में चार चौके मारे. जेमिमा रोड्रिग्ज ने रणवीरा पर चौके के साथ 14वें ओवर में भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया.

जेमिमा 13 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रही जब सुगंदिका कुमारी की गेंद पर कविशा ने उनका कैच टपका दिया. कप्तान हरमनप्रीत ने सुगंदिका के ओवर में चौका और छक्का मारकर रन गति में इजाफा किया. जेमिमा (16) हालांकि जीवनदान का फायदा नहीं उठा सकीं और ऐमा कंचना (29 रन पर एक विकेट) की गेंद पर प्रबोधिनी को कैच दे बैठीं. हरमनप्रीत ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए चामरी पर दो चौके मारे जबकि कंचना पर भी लगातार दो चौके जड़े. उन्होंने प्रबोधिनी की पारी की अंतिम दो गेंद पर चौकों के साथ अर्धशतक पूरा किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu