भारत के खिलाफ श्रृंखला से पहले हसरंगा ने श्रीलंका के टी20 कप्तान का पद छोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Jul 2024 08:10 PM
भारत के खिलाफ श्रृंखला से पहले हसरंगा ने श्रीलंका के टी20 कप्तान का पद छोड़ा
ऑडियो सुनें

कोलंबो. वानिंदु हसरंगा ने भारत के खिलाफ तीन मैच की आगामी श्रृंखला से पहले श्रीलंका के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान का पद गुरुवार को छोड़ दिया. भारत सीमित ओवरों की श्रृंखलाओं के लिए श्रीलंका का दौरा करेगा जिसकी शुरुआत 26, 27 और 29 जुलाई को पाल्लेकल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के साथ होगी. इसके बाद कोलंबो में दोनों टीमों के बीच तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे.

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की विज्ञप्ति के अनुसार, ”श्रीलंका क्रिकेट लोगों को सूचित करना चाहता है कि राष्ट्रीय पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के कप्तान वानिंदु हसरंगा ने कप्तानी से इस्तीफा देने का फैसला किया है.” विज्ञप्ति में कहा गया, ”हसरंगा ने कहा है कि श्रीलंका क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ हित में उन्होंने कप्तानी छोड़ने और टीम में खिलाड़ी के रूप में बने रहने का फैसला किया है.” हसरंगा ने हाल में संपन्न टी20 विश्व कप में श्रीलंका की कप्तानी की थी जिसमें टीम सुपर आठ चरण में जगह बनाने में नाकाम रही थी.

बयान में हसरंगा के हवाले से कहा गया, ”एक खिलाड़ी के तौर पर श्रीलंका के लिए मैं हमेशा सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा और हमेशा की तरह अपनी टीम और कप्तान का समर्थन करूंगा और उनके साथ खड़ा रहूंगा.” एसएलसी ने कहा कि उसने हसरंगा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. एसएलसी ने कहा, ”श्रीलंका क्रिकेट उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए यह बताना चाहता है कि हसरंगा हमारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट योजनाओं में हमारे लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी बने रहेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu