HUT आतंकी मॉड्यूल : NIA ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Aug 2023 09:35 PM
HUT आतंकी मॉड्यूल : NIA ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अंतरराष्ट्रीय चरमपंथी संगठन हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी) से संबद्ध आतंकी मॉड्यूल की गैर कानूनी गतिविधियों के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी उन्होंने बताया कि उक्त आतंकी मॉड्यूल भोपाल और हैदराबाद में सक्रिय था.

संघीय एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि फरार एचयूटी सदस्य सलमान को तेलंगाना के हैदराबाद से छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया जो शहर के राजेंद्र नगर इलाके में छिपा हुआ था. उन्होंने बताया कि इसी के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 17 हो गई है. अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान अपराध में संलिप्तता को इंगित करने वाले डिजिटल उपकरण जैसे हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव और एसडी कार्ड के साथ-साथ कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं.

प्रवक्ता ने बताया, ”सलमान एचयूटी के हैदराबाद मॉड्यूल का सक्रिय सदस्य था. इस मॉड्यूल का नेतृत्व कर रहे सलीम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. सलीम और सलमान को मिलाकर अबतक हैदराबाद मॉड्यूल के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनका उद्देश्य शरीयत आधारित खिलाफत की स्थापना के लिए संगठन का विस्तार करना था.” अधिकारी ने बताया कि एचयूटी आसानी से प्रभावित होने वाले मुस्लिम युवाओं की भर्ती कर अपने संगठन का विस्तार करना चाहता था.

प्रवक्ता ने कहा, ”संगठन का लक्ष्य संवैधानिक रूप से चुनी हुई सरकार को अपदस्थ कर शरिया कानून लागू करना था.” अधिकारी ने बताया कि एजेंसी ने मामले में 24 मई को प्राथमिकी दर्ज की थी और प्रकरण की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि एनआईए को उम्मीद है कि वह देश को अस्थिर करने की एचयूटी की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर देगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu