हैदराबाद: आवासीय इमारत में आग लगने से दो परिवारों के नौ सदस्यों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Nov 2023 07:08 PM
हैदराबाद: आवासीय इमारत में आग लगने से दो परिवारों के नौ सदस्यों की मौत
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में सोमवार को एक पांच मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने के बाद दम घुटने से दो परिवारों के नौ सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति झुलस गया. पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि आग की लपटों के साथ इमारत में फैले धुएं के कारण नौ लोग बेहोश पाए गए और बचाव दल ने उन्हें एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. बचान अभियान में शामिल दमकलर्किमयों ने कहा कि सुबह नौ बजकर 34 मिनट पर अग्निशमन कक्ष को आग लगने की सूचना मिली, दमकल की गाड़ियों को तुरंत क्षेत्र में भेजा गया और आग बुझा दी गई.

पुलिस के अनुसार, ज्वलनशील रसायनों से भरे कुछ ड्रम में आग लगने के बाद अपार्टमेंट परिसर के ‘स्टिल्ट’ क्षेत्र में आग लग गई और यह इमारत के ऊपरी हिस्से की ओर फैल गई. परिसर में भूतल और चार ऊपरी मंजिलें हैं. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पड़ोस में रहने वाले कुछ प्रत्यक्षर्दिशयों का हवाला देते हुए कहा कि इलाके में कुछ बच्चों द्वारा फोड़े गए पटाखों की चिंगारी ड्रमों पर गिरी, जिससे आग लग गई. उन्होंने कहा कि हालांकि सही कारण जांच के बाद पता चलेगा.

तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया. राव ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. अग्निशमन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इमारत की विभिन्न मंजिलों पर फंसे कुल 21 लोगों को सीढि.यों और खिड़कियों से सीढ़ी के माध्यम से बचाया गया.

टीवी फुटेज में दमकल र्किमयों को इमारत की खिड़कियों से बच्चों समेत लोगों को बाहर निकालते हुए देखा जा सकता था. अधिकारियों ने कहा कि बचाए गए लोगों के अलावा, 10 लोग बेहोश पाए गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से नौ की मौत हो गई और एक अन्य का इलाज जारी है.

मृतकों में एक ही परिवार के सात सदस्य और एक दूसरे परिवार का एक बुजुर्ग दंपति शामिल हैं . दोनों परिवार इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहते थे. उन्होंने बताया कि मृतकों की उम्र छह से 66 वर्ष के बीच है और इनमें दो लड़कियां और चार महिलाएं शामिल हैं.

पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) एम. वेंकटेश्वरलू ने कहा कि आग तेजी से फैली और इमारत में घना धुआं भी फैल गया. हालांकि पुलिस और अग्निशमन र्किमयों ने कई परिवारों को इमारत से बाहर निकाला. इस घटना में एक कार और कुछ दोपहिया वाहन भी जल गए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है.

राजभवन से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्यपाल ने मुख्य सचिव को घटना में घायल हुए लोगों को व्यापक चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया और घटना की गहन जांच करने के भी निर्देश जारी किए. विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्यपाल ने आग लगने की परिस्थितियों, प्रतिक्रिया तंत्र और अगले दो दिनों के भीतर लागू किए जा सकने वाले सुधारात्मक उपायों पर एक व्यापक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया. केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और तेलंगाना के मंत्री के टी रामा राव ने भी घटनास्थल का का दौरा किया.

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन औवेसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “आग दुर्घटना के पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं. घायलों के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने और मृतकों के परिजनों को हिम्मत प्रदान करने की कामना करता हूं.” ओवैसी ने तेलंगाना के मुख्य सचिव से पीड़ितों के परिजनों को तत्काल कम से कम 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने का अनुरोध भी किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu