
भुवनेश्वर/बेतिया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि ओडिशा में ”डबल इंजन” की सरकार बनी तो माफिया के खिलाफ बुलडोजर चलाया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 20-25 वर्षों के दौरान ”अफसर राज” ने ”ओडिशा को 50 वर्ष पीछे धकेल दिया है.” उन्होंने सत्तारूढ. बीजू जनता दल (बीजद) पर राज्य में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया.
पुरी लोकसभा सीट के तहत चिल्का विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, आदित्यनाथ ने कहा, ”हमें ओडिशा में डबल इंजन सरकार बनाने की ताकत दें ताकि हम उत्तर प्रदेश की तरह जमीन, रेत, जंगल और मवेशी माफिया पर बुलडोजर चलाकर रास्ता साफ कर सकें.” उन्होंने कहा, ”बीजद सरकार नौकरशाही से घिरी हुई है और जब नौकरशाही किसी सरकार को घेरती है, तो यह तानाशाही को जन्म देती है. तब भ्रष्टाचार बढ.ता है, गरीबों का शोषण होता है और प्रशासन ध्वस्त हो जाता है.”
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सहयोगी और नौकरशाह से बीजद नेता बने वी के पांडियन का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ”एक अधिकारी को इतनी स्वतंत्रता नहीं दी जानी चाहिए कि वह सरकार को नियंत्रित करना शुरू कर दे. केवल निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को ही राज्य पर शासन करना चाहिए, जो एक स्वस्थ लोकतंत्र का आधार है.” उन्होंने दावा किया कि बीजद का ‘कुशासन’ इसलिए है क्योंकि ”नवीन बाबू नौकरशाही से घिरे हुए हैं और उन्हें नौकरशाहों ने गुमराह किया है.”
हमें ‘विरासत टैक्स’ लगाने वाली सरकार, पार्टी नहीं चाहिए: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इसका ‘विरासत टैक्स’ औरंगजेब के समय का जजिया कर है और इस तरह का कर लगाने वाली सरकार, पार्टी हमें नहीं चाहिए. बिहार के पश्चिमी चंपारण संसदीय क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ”भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) देश का सम्मान बढ.ा रहे हैं. देश की रक्षा, समृद्धि, विकास, विरासत और गरीब कल्याण के लिए काम कर रहे हैं वहीं कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के गठबंधन का मकसद सत्ता हासिल करना और लूटना है.”
उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से सवाल करते हुए कहा, ”क्या आप इन्हें लूटने की आजादी देंगे? कतई नहीं देना.” उन्होंने कहा, ”जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) और भाजपा की सरकार ने बिहार को जिस अराजकता से उबारा है आज राज्य को उस ओर नहीं जाने देना है.” आदित्यनाथ ने राजग के घोषणापत्र का जिक्र करते हुए कहा, ”घोषणापत्र देखिए मोदी जी ने कहा है कि आत्मनिर्भर विकसित भारत बनाएंगे लेकिन कांग्रेस और उनके सहयोगी क्या कहते हैं सभी अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण मुस्लिमों को दे देना चाहिए. क्या ऐसा होना चाहिए?” कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ”और दूसरी खतरनाक बात है… राहुल गांधी ने कहा मैं हरेक परिवार की संपत्ति का सर्वेक्षण कराऊंगा और उस पर ‘विरासत टैक्स’ लगाऊंगा. इसका मतलब है कि आपके पूर्वजों की संपत्ति में से आधी ये लोग ले लेंगे और उसे पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से भारत में आये घुसपैठियों को दे देंगे.”
आदित्यनाथ ने कहा, ”आपका दो कमरों घर है जो आपके पूर्वजों ने दिया. ये आपको उस घर के एक कमरे में ही रहने देंगे और एक कमरा जबरदस्ती किसी मुस्लिम को दे देंगे. क्या आप इसे स्वीकार करोगे?” उन्होंने कहा, ”लगता है कांग्रेस के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है.” योगी ने कहा, ”विरासत कर वही है जो औरंगजेब के समय में जजिया कर था और हिंदुओं पर लगाया था. हमें जजिया कर वाली सरकार, पार्टी नहीं चाहिए.”



