प्रधानमंत्री रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवा सकते हैं तो विनेश को न्याय क्यों नहीं दिलवा सकते : कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Aug 2024 09:35 PM
प्रधानमंत्री रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवा सकते हैं तो विनेश को न्याय क्यों नहीं दिलवा सकते : कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने महिला पहलवान विनेश फोगाट के ओलंपिक स्पर्धा से अयोग्य घोषित किए जाने के बाद बुधवार को आरोप लगाया कि हिंदुस्तान की इस बेटी के खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है. मुख्य विपक्षी दल ने तंज कसते हुए यह सवाल भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगर रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवा सकते हैं वो विनेश को न्याय क्यों नहीं दिलवा सकते? महिलाओं की 50 किलोग्राम कुश्ती स्पर्धा के फाइनल से पहले वजन अधिक पाए जाने के कारण विनेश फोगाट को बुधवार को ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया. विनेश ने ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रचा था. उन्हें आज देर रात स्वर्ण पदक का मुकाबला खेलना था.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विनेश के मामले को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”विश्वविजेता पहलवानों को हराकर फाइनल में पहुंचीं भारत की शान विनेश फोगाट का तकनीकी आधार पर अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. हमें पूरी उम्मीद है कि भारतीय ओलंपिक संघ इस निर्णय को मजबूती से चुनौती देकर देश की बेटी को न्याय दिलाएगा.” उन्होंने कहा कि विनेश हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं तथा पूरा भरोसा है कि वह अखाड़े में और अधिक मजबूती से वापसी करेंगी.

राहुल गांधी ने कहा, ”आपने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है विनेश. आज भी पूरा देश आपकी ताक.त बनकर आपके साथ खड़ा है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”इस मुश्किल समय में करोड़ों देशवासी उसी उत्साह के साथ आपके (विनेश) साथ खड़े हैं, जैसा पूरी स्पर्धा के दौरान थे. मेरी बहन, खुद को अकेले मत समझना और याद रखना कि आप हमारी चैम्पियन थीं और आप हमेशा हमारी चैम्पियन रहेंगी. मुझे पूरा भरोसा है कि आप और ज्यादा मजबूत तरीके से वापसी करेंगी. ढेर सारा प्यार.” कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने दावा किया कि विनेश का अयोग्य किया जाना बहुत बड़ा ‘नफरती षड्यंत्र’ है.

सुरजेवाला ने दावा किया, ”पहले, कुश्ती संघ के अध्यक्ष, भाजपा के उस समय के (नरेन्द्र) मोदी जी के चहेते सांसद, बृजभूषण शरण सिंह ने देश की विश्व चैम्पियन बेटी को शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना से सताया, फिर भाजपाइयों ने देश की इस बेटी को जंतर मंतर की सड़कों पर पुलिस से घिसटवाया, फिर मोदी सरकार ने इस बेटी पर प्राथमिकी दर्ज करवाई. विनेश ने फिर भी कभी साहस, शौर्य व धैर्य नहीं गंवाया.” उन्होंने कहा, ”अगर विनेश को (वजन के लिए) लेकर ही नहीं जाते और चोटिल घोषित कर देते को रजत पदक तो मिल ही जाता. फिर दिक्कत क्या थी? दिक्कत विनेश के पदक से तो नहीं थी.”

सुरजेवाला ने कहा, ”देश जानना चाहता है कि कौन है वो, जिससे विनेश फोगाट की जीत हजम नहीं हो रही थी, कौन है वो जिसने हिंदुस्तान की बेटी के पीठ में छुरा घोंप दिया, कौन है वो जिसने बेजा ताकत का इस्तेमाल किया, किसका चेहरा बचाने की कोशिश हो रही थी?” उन्होंने यह भी कहा कि मंगलवार को विनेश के फाइनल में पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सरकार के प्रमुख लोगों ने कोई बधाई नहीं दी और अब सांत्वना दे रहे हे हैं. सुरजेवाला ने सवाल किया, ”प्रधानमंत्री हस्तक्षेप क्यों नहीं कर रहे? जो प्रधानमंत्री रूस-यूक्रेन का युद्ध रुकवा सकते हैं वो विनेश को न्याय क्यों नहीं दिलवा सकते?” कांग्रेस नेता ने कहा कि विनेश कल भी ”गोल्ड” थी, आज भी और आगे भी रहेंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu