आईफा डिजिटल पुरस्कार 2025: ‘अमर सिंह चमकीला’, ‘पंचायत 3’ ने कई अवॉर्ड अपने नाम किए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Mar 2025 08:17 PM
आईफा डिजिटल पुरस्कार 2025: ‘अमर सिंह चमकीला’, ‘पंचायत 3’ ने कई अवॉर्ड अपने नाम किए
ऑडियो सुनें

जयपुर. अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा) डिजिटल पुरस्कार 2025 में फिल्म निर्माता इम्तियाज अली की ‘अमर सिंह चमकीला’ और वेब सीरीज ‘पंचायत’ के तीसरे सीजन ने कई अवॉर्ड अपने नाम किए. इस साल जयपुर में आयोजित हो रहे आईफा के 25वें संस्करण का आगाज शनिवार को हुआ. सितारों से सजी शाम में नोरा फतेही, सचिन-जिगर, श्रेया घोषाल और मीका सिंह ने शानदार प्रस्तुति दी. इस शाम की मेजबानी अपारशक्ति खुराना, विजय वर्मा और अभिषेक बनर्जी ने की.

पंजाबी गायक की जीवनी पर आधारित नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का खिताब जीता, जबकि अली को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला. इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ ने अभिनय किया था. अभिनय श्रेणियों में, कृति सेनन ने ‘दो पत्ती’ के लिए मुख्य भूमिका (महिला) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार जीता और इसी फिल्म के लिए कनिका ढिल्लन को सर्वश्रेष्ठ कहानी (ऑरिजनल) का पुरस्कार भी मिला.

अभिनेता विक्रांत मैसी को नेटफ्लिक्स फिल्म ‘सेक्टर 36’ के लिए मुख्य भूमिका (पुरुष) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का विजेता घोषित किया गया, जबकि उनके सह-कलाकार दीपक डोबरियाल ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार जीता. ‘र्बिलन’ (जी5) में अनुप्रिया गोयनका को उनके प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला. वेब सीरीज की बात करें तो ‘पंचायत’ (प्राइम वीडियो) सीजन तीन सबसे बड़ी विजेता रही, जिसने सर्वश्रेष्ठ सीरीज का पुरस्कार हासिल किया.

मुख्य अभिनेता जितेन्द्र कुमार ने मुख्य भूमिका (पुरुष) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का खिताब जीता, जबकि दीपक कुमार मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन के लिए ट्रॉफी मिली. ‘पंचायत’ में दर्शकों के पसंदीदा किरदार प्रहलाद चा की भूमिका निभाने वाले फैसल मलिक को सर्वश्रेष्ठ सहायक भूमिका (पुरुष) श्रेणी में पुरस्कार मिला. ‘बंदिश बैंडिट्स’ स्टार श्रेया चौधरी ने ‘प्राइम वीडियो’ सीरीज के दूसरे सीजन के लिए मुख्य भूमिका (महिला) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार अपने नाम किया.

अभिनेत्री संजीदा शेख को नेटफ्लिक्स पर संजय लीला भंसाली की पहली ओटीटी सीरीज ‘हीरामंडी’ में उनके प्रदर्शन के लिए सहायक भूमिका (महिला) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के वास्ते सम्मानित किया गया. सीरीज श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ कहानी (ऑरिजनल) का पुरस्कार स्ट्रीमर की ”कोटा फैक्टरी” सीजन तीन को मिला, जिसमें जितेन्द्र ने भी अभिनय किया था. ‘नॉन-्क्रिरप्टेड’ श्रेणी में, नेटफ्लिक्स की ‘फैबुलस लाइव्स वर्सेस बॉलीवुड वाइव्स’ ने सर्वश्रेष्ठ ‘रियलिटी’ का पुरस्कार जीता, जबकि वृत्तचित्र ‘यो यो हनी सिंह: फेमस’ ने सर्वश्रेष्ठ ‘डॉक्यूसीरीज’ का पुरस्कार जीता.

‘मिसमैच्ड’ सीजन तीन (नेटफ्लिक्स) के ‘इश्क है’ के लिए संगीतकार अनुराग सैकिया को सर्वश्रेष्ठ मुख्य गीत श्रेणी में पुरस्कार मिला.
इस कार्यक्रम में बॉलीवुड के शाहिद कपूर, करीना कपूर खान, करण जौहर, माधुरी दीक्षित, बॉबी देओल, प्रतीक गांधी, जयदीप अहलावत, अली फजल, ऋचा चड्ढा, निमृत कौर, करिश्मा तन्ना, नुसरत भरुचा और रवि किशन जैसे प्रमुख सितारे भी शामिल हुए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu