
मुंबई/नयी दिल्ली: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का बीते 24 नवंबर को निधन हो गया था। जिसके बाद से उनके परिवार और फैंस लगातार उन्हें याद कर रहे हैं और अपनी भावनाओं को सोशल मीडिया के जरिए शेयर कर रहे हैं। आज धर्मेंद्र 90 साल के हो जाते। धर्मेंद्र के जन्मदिन पर हेमा मालिनी ने कई पुरानी तस्वीरों के साथ एक भावुक नोट लिखा है।
हेमा मालिनी का पोस्ट
हेमा मालिनी ने एक्स पर धर्मेंद्र के साथ अपनी दो पुरानी तस्वीरों को शेयर किया है। इन तस्वीरों के हेमा ने लिखा, ‘धरम जी, जन्मदिन बहुत-बहुत मुबारक हो। दो हफ्ते से ज्यादा हो गए जब आप मुझे अचानक छोड़कर चले गए। मेरा दिल टूट गया था, लेकिन अब धीरे-धीरे मैं उन टुकड़ों को जोड़ रही हूं और अपनी जिंदगी को फिर से संवारने की कोशिश कर रही हूं।
भगवान का शुक्रिया
हेमा ने आगे लिखा, ‘आप भले ही शरीर से दूर चले गए, पर मेरी आत्मा में हमेशा मेरे साथ हैं। हमारे साथ बिताए वो सारे प्यारे पल, हमारी हंसी-खुशी भरी यादें कभी मिट नहीं सकतीं। उन यादों को बार-बार जीना मुझे बहुत सुकून और खुशी देता है। मैं भगवान का लाख-लाख शुक्रिया करती हूं कि उन्होंने हमें इतने सुंदर साल साथ बिताने का मौका दिया, हमारी दो प्यारी बेटियां दीं, और ढेर सारी खूबसूरत यादें दीं जो मेरे दिल में हमेशा जिंदा रहेंगी।
भगवान से प्रार्थना
हेमा ने आगे लिखा, ‘आपके जन्मदिन पर मेरी भगवान से यही प्रार्थना है कि आप ऊपर जहां भी हैं, ढेर सारी शांति और खुशी दें। आप अपनी नेकी, विनम्रता और इंसानियत से इसके पूरी तरह हकदार हैं। एक बार फिर… जन्मदिन मुबारक हो मेरे प्यारे धरम जी।’
स्वर्ग हो या धरती, हम हमेशा साथ हैं: ईशा देओल ने पिता धर्मेंद्र की 90वीं जयंती पर उन्हें याद किया
अभिनेत्री ईशा देओल ने सोमवार को अपने पिता धर्मेंद्र की 90वीं जयंती पर उन्हें याद किया और कहा कि धरती हो या स्वर्ग, वह (धर्मेंद्र) हमेशा उनके साथ हैं. धर्मेंद्र का 24 नवंबर को मुंबई में 89 साल की उम्र में निधन हो गया था. ईशा ने ‘एक्स’ पर अपने पिता के साथ की कुछ तस्वीरें साझा कीं.
उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे प्यारे पापा के लिए. हमारा रिश्ता, सबसे खास और सबसे मजबूत था. ‘हम’ ताउम्र साथ रहेंगे, सभी लोकों में और उससे परे… हम हमेशा साथ हैं पापा. चाहे स्वर्ग हो या धरती. हम साथ हैं. अभी के लिए मैंने आपको बहुत संभालकर अपने दिल में बसा लिया है… ताकि मैं ंिजदगी भर आपको अपने साथ लेकर चल सकूं.’’ ईशा ने कहा, ‘‘अनमोल यादें… अपनी बेटी के रूप में आपने मुझे जीवन के जो सबक, शिक्षाएं, मार्गदर्शन, गर्मजोशी, बिना शर्त प्यार, गरिमा और ताकत दी, उनकी कोई बराबरी नहीं कर सकता.’’
उन्होंने लिखा, ‘‘मुझे आपकी बहुत याद आती है पापा… आपका मुझे गले लगाना, जो सबसे ज्यादा सुकून देता था, आपके नरम लेकिन मजबूत हाथों को पकड़ना, जिनमें अनकहे संदेश होते थे और आपका मेरा नाम पुकारना, जिसके बाद हमारे बीच अंतहीन बातचीत होती थी, ये सब बहुत याद आता है पापा.’’ ईशा ने कहा कि वह अपने पिता की विरासत को गर्व और सम्मान के साथ आगे बढ़ाएंगी. उन्होंने लिखा, ‘‘और मैं आपके प्यार को उन लाखों लोगों तक पहुंचाने की पूरी कोशिश करूंगी, जो आपसे मेरी तरह ही प्यार करते हैं. मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं पापा. आपकी प्यारी बेटी, आपकी ईशा, आपकी बिट्टू.’’



