पालघर में महिला ने प्रेमी की मदद से पति की हत्या की, शव को घर में टाइलों के नीचे दफनाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Jul 2025 09:01 PM
पालघर में महिला ने प्रेमी की मदद से पति की हत्या की, शव को घर में टाइलों के नीचे दफनाया
ऑडियो सुनें

पालघर/कौशांबी. महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक महिला ने अपने प्रेमी की मदद से कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी और शव को घर में टाइलों के नीचे दफना दिया. पुलिस ने सोमवार को कहा कि सड़ी-गली लाश दो सप्ताह पुरानी लगती है जिसे आज बाहर निकाला गया तथा मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.

अधिकारियों ने बताया कि मीरा-भयंदर-वसई-विरार पुलिस ने चमन देवी (28) और उसके प्रेमी एवं पड़ोसी मोनू शर्मा (20) की तलाश शुरू कर दी है. मृतक की पहचान विजय चौहान (34) के रूप में हुई है जो मुंबई के सुदूर उपनगर नालासोपारा के गंगनीपाड़ा इलाके में एक हाउसिंग सोसाइटी में रहता था.

पुलिस ने बताया कि रविवार रात चौहान का भाई उसे ढूंढ़ता हुआ आया और उसे घर पर न पाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह पुलिस की एक टीम घर पहुंची और वहां दुर्गंध महसूस की. बाद में, पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों और स्थानीय तहसीलदार की मौजूदगी में चौहान के शव को बाहर निकाला, जिसे घर में दफनाकर ऊपर टाइल लगा दी गई थीं.
पुलिस को संदेह है कि चौहान की पत्नी ने अपने प्रेमी की मदद से अपने पति की हत्या कर दी और फरार हो गई. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने हत्या कैसे और क्यों की.

पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों की हत्या के प्रयास के लिए पत्नी समेत तीन लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों की हत्या के इरादे से आटे में कथित तौर पर सल्फास मिलाने के लिए एक महिला, उसके पिता और भाई के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि करारी थाना क्षेत्र के मलकिया गांव निवासी बृजेश कुमार ने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उसकी पत्नी मालती देवी ने खाना बनाते समय उसे और उसके परिवार वालों को जान से मारने की नीयत से आटे में सल्फास मिलाया था. अधिकारी ने शिकायतकर्ता के हवाले से बताया कि आटे से बदबू आने पर जब बृजेश ने अपनी पत्नी से पूछा तो उसने बताया कि वह उससे और उसके परिवार से छुटकारा पाना चाहती है.

उन्होंने बताया कि आरोपी मालती देवी ने अपने पिता कल्लू प्रसाद और भाई बजरंगी के कहने पर यह साजिश रची थी. सिंह ने बताया कि बृजेश कुमार की शिकायत पर मालती देवी, उसके पिता कल्लू प्रसाद और भाई बजरंगबली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/ 61(2) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ में मालती देवी ने आटे में जहर मिलाने की बात कबूल कर ली. पुलिस के मुताबिक, जहर मिले आटे को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu