भारत ए ने भारत सी को 132 रन से हराकर दलीप ट्राफी जीती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Sep 2024 08:13 PM
भारत ए ने भारत सी को 132 रन से हराकर दलीप ट्राफी जीती
ऑडियो सुनें

अनंतपुर. तनुष कोटियान (47 रन देकर तीन विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (50 रन देकर तीन विकेट) के छह विकेट के सामने रविवार को यहां साई सुदर्शन की 111 रन की पारी भी भारत सी के काम नहीं आ सकी और भारत ए ने 132 रन से जीत दर्ज कर दलीप ट्राफी अपने नाम की.

दो मैच में छह अंक से अंतिम दौर में प्रवेश करने वाली भारत ए टीम ने चार दिवसीय मुकाबले में दबदबा बनाया जो भारत सी से तीन अंक पीछे थी जिसके 09 अंक थे. इस जीत से भारत ए के तीन मैच में 12 अंक हो गये जिससे वह तीन मैच के बाद शीर्ष पर पहुंच गई और विजेता बनी.

अंतिम दिन 350 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत सी 81.5 ओवर में 217 रन पर सिमट गई जिसमें कृष्णा ने अपने 13.5 ओवर में 50 रन देकर तीन विकेट झटके जिसमें मैच का अंतिम विकेट भी शामिल था. चाय के समय मुकाबला दिलचस्प स्थिति में था जब भारत सी ने तीन विकेट पर 169 रन बना लिए थे. सुदर्शन और ईशान किशन क्रीज पर थे और उन्हें लगभग 30 ओवर के अंतिम सत्र में 182 रन की जरूरत थी.

पर कोटियान ने किशन (17) को विकेट के पीछे कैच कराया और लगातार ओवरों में अभिषेक पोरेल (0) का विकेट भी झटक लिया. इसके बाद उन्होंने पुलकित नारंग (6) को भी आउट किया. इससे पहले आकिब खान ने रुतुराज गायकवाड़ को 44 रन पर आउट किया जबकि विजयकुमार वैशाख 17 रन बनाकर रन आउट हो गए.

सुदर्शन ने 206 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 111 रन की शानदार पारी खेली लेकिन उन्हें दूसरे छोर पर साथ नहीं मिला. कृष्णा ने 78वें ओवर में तमिलनाडु के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को आउट कर दिया जिससे भारत सी की चुनौती आखिरकार खत्म हो गई.
आकिब ने चौथे नंबर के बल्लेबाज रजत पाटीदार (07) को आउट किया जबकि कोटियान के मुंबई के साथी शम्स मुलानी ने मानव सुथार को आउट किया.

कर्नाटक के तेज गेंदबाज कृष्णा ने अंतिम चरण में अपने खाते में दो और विकेट जोड़े. उन्होंने अंशुल कंबोज और तमिलनाडु के मुख्य गेंदबाज बाबा इंद्रजीत को शून्य पर आउट कर अपनी टीम के लिए बड़ी जीत सुनिश्चित की. दिन की शुरूआत में भारत ए ने सिर्फ दो ओवर बल्लेबाजी करने के बाद छह विकेट पर 286 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी. रियान पराग (73) और शाश्वत रावत (53) ने अर्धशतक जड़े तथा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने 42 रन का योगदान दिया जिससे भारत ए की कुल बढ.त 349 रन तक पहुंच गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu