भारत, अमेरिका और आठ अन्य देशों ने एआई आपूर्ति शृंखला की सुरक्षा के लिए घोषणापत्र पर किए हस्ताक्षर

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 16 Nov 2026 01:27 PM
भारत, अमेरिका और आठ अन्य देशों ने एआई आपूर्ति शृंखला की सुरक्षा के लिए घोषणापत्र पर किए हस्ताक्षर
ऑडियो सुनें

भारत, अमेरिका और आठ अन्य देशों ने कृत्रिम मेधा (एआई) की आपूर्ति शृंखलाओं की सुरक्षा को एक ‘साझा प्रयास’ मानने संबंधी घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कदम उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में चीन के साथ बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच उठाया गया है। अमेरिका के नेतृत्व वाली ‘पैक्स सिलिका’ पहल के संस्थापक देशों की बैठक में रविवार को सैन फ्रांसिस्को घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इस बैठक का आयोजन आर्थिक मामलों के लिए अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अवर सचिव जैकब हेलबर्ग ने किया था।

इस घोषणापत्र को अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, भारत, इजराइल, जापान, दक्षिण कोरिया, कतर, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन की सरकारों ने जारी किया। ‘पैक्स सिलिका’ पहल की घोषणा अमेरिका ने पिछले साल दिसंबर में की थी। इसका उद्देश्य सिलिकॉन और सेमीकंडक्टर के उत्पादन के लिए जरूरी अन्य खनिजों की आपूर्ति शृंखला को सुरक्षित करना है। ये खनिज कृत्रिम मेधा और अन्य उन्नत प्रौद्योगिकी उद्योगों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, रविवार को जारी घोषणापत्र में कहा गया है कि आर्थिक सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा का बुनियादी आधार है। इसमें उन संवेदनशील प्रौद्योगिकियों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को लेकर भाग लेने वाले देशों की साझा समझ को भी रेखांकित किया गया है, जो ‘सुपर इंटेलिजेंस’ (एसआई) की आपूर्ति शृंखला का आधार हैं। साथ ही, इनकी सुरक्षा को साझा जिम्मेदारी बताया गया है।

अमेरिकी सरकार एआई के लिए अब ‘सुपर इंटेलिजेंस’ (एसआई) शब्द का इस्तेमाल करती है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसका नाम बदलने संबंधी कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। ‘दीर्घकालिक समृद्धि की सुरक्षित नींव संबंधी घोषणापत्र’ में साझा उद्देश्यों को व्यवहार में लागू करने के लिए कार्यकारी समूह बनाने का भी संकल्प लिया गया है।

इसमें पांच कार्यकारी समूह गठित करने का प्रस्ताव है। ये समूह नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियों, प्रमुख क्षेत्रों में सुपर इंटेलिजेंस के इस्तेमाल, सुपर इंटेलिजेंस से जुड़ी पूरी आपूर्ति शृंखला में सहयोग, सुरक्षित कारोबारी माहौल और आपूर्ति शृंखला सुरक्षा केंद्रों तथा सुपर इंटेलिजेंस की सुरक्षा एवं मजबूती जैसे विषयों पर काम करेंगे।

बयान में कहा गया है, ”कोई भी देश अकेले सुपर इंटेलिजेंस के युग की बुनियाद को सुरक्षित नहीं कर सकता। सुपर इंटेलिजेंस से मिलने वाली समृद्धि उतनी ही टिकाऊ होगी, जितनी उसके पीछे मौजूद आपूर्ति शृंखलाएं और बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।” घोषणापत्र में कहा गया है कि किन चीजों की सुरक्षा जरूरी है, इस पर सहमति बनाकर और मिलकर उनकी सुरक्षा की प्रतिबद्धता जताकर भागीदार देश ऐसी सुरक्षित नींव तैयार कर रहे हैं, जिसके आधार पर सहयोगी देश नवाचार कर सकेंगे, निवेश कर सकेंगे और विकास कर सकेंगे।

बयान में कहा गया है, ”शुरूआत के एक साल से भी कम समय में पैक्स सिलिका एक नए चरण में प्रवेश कर रही है। सैन फ्रांसिस्को घोषणापत्र के माध्यम से यह गठबंधन अपने साझा सिद्धांतों को एक व्यावहारिक साझेदारी का रूप दे रहा है। इसमें एक साझा आधार और उस पर अमल करने की स्पष्ट रूपरेखा शामिल है।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav